लाडवा। लाडवा में करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से अधूरे पड़े पार्कों का निर्माण किया जाएगा। जल्द ही बदहाल पड़े तालाबों का कायाकल्प किया जाएगा। यह जानकारी नगर पालिका लाडवा के नवनियुक्त सचिव अशोक कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना और शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देना है। लाडवा नगर पालिका ने स्वच्छता रैंकिंग में राष्ट्रीय स्तर पर 106 वां स्थान मिला है। नपा सचिव अशोक कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि लाडवा की हिनोरी रोड पर स्थित जोहड़ पर जो सार्वजनिक पार्क बनाने का कार्य अधूरा पड़ा था, अब उस काम में तेजी लाई जाएगी। इस पार्क के लिए उनके पास सरकार की ओर से 2 करोड़ 94 लाख रुपये की ग्रांट आ चुकी है, जिसके बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शहर की गलियों व नालियों की सफाई के लिए अगले महीने टेंडर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शहर में बदहाल बड़े तालाबों आदि जो सरकारी जमीन में हैं, उनका सौंदर्यीकरण किया जाएगा।