लाडवा- मुस्तफाबाद रोड पर आईजीएन कॉलेज के पास कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बलविंदर सिंह(54) वासी बूढ़ा लाडवा के रूप में हुई है। मृतक के गांव के एक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव बूढ़ा निवासी रविंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार को वह निजी काम से मुस्तफाबाद गया हुआ था। काम निपटाने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से लाडवा आ रहा था। उसके गांव का बलविंदर पुत्र रणपाल भी अपनी मोटरसाइकिल पर उसके आगे- आगे चल रहा था। आईजीएन कॉलेज से पास लाडवा से आ रहे तेज रफ्तार कार चालक ने बलविंदर सिंह की मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान लोगों को इकट्ठा होते देखकर चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रविंद्र की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।