तीन दिन से लापता दो नाबालिग दोस्तों में एक का शव वीरवार को देर शाम दबखेड़ी के पास नरवाना ब्रांच नहर में उतराता मिला। सूचना मिलते ही गोताखोर मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकाला। जानकारी मिलने पर बच्चे के परिजन व पुलिस भी मौके पर आ गई। मृतक की शिनाख्त इंद्रजीत (15) पुत्र ओमप्रकाश के वासी जय भारत कॉलोनी, बराड़ा रोड शाहाबाद के रूप में हुई है। वहीं उसके दोस्त राहुल (17) पुत्र अशोक कुमार की तलाश अभी जारी है।
दोनों दोस्त 30 मई को झांसा में नहर पर नहाने के लिए आए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों से दोनों की हर जगह तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। अंत में अगले दिन 31 मई को दोपहर करीब दो बजे उन्होंने शाहाबाद के थाने में दोनों के लापता होने की सूचना दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को सूचना मिली की झांसा में नरवाना ब्रांच नहर के किनारे बिजड़पुर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर कुछ कपड़े पड़े हैं। दोनों बच्चों की नहर में बह जाने की आशंका जताते हुए गोताखोर प्रगट सिंह की मदद से पानी में सर्च अभियान चलाया गया। प्रगट सिंह ने अपनी टीम के साथ 31 मई और 01 जून को नहर में कई किलोमीटर इंद्रजीत व राहुल की तलाश की, लेकिन कुछ नहीं मिला। वीरवार देर सायं करीब सात बजे दबखेड़ी के पास नहर के पुल पर पहरा दे रहे गोताखोर को पानी में एक बच्चे का शव उतराता मिला। सूचना देने पर गोताखोर प्रगट सिंह और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बच्चों के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। पानी से शव बाहर निकाला तो यह इंद्रजीत का था।
गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि राहुल को तलाशने के लिए उनकी टीम 24 घंटे नजर पर नजर रखे हुए है। यदि यह नाबालिग भी इंद्रजीत के साथ नहर में बहा है तो उम्मीद है कि उसका शव आज पानी के ऊपर आ जाए। प्रगट सिंह ने बताया कि उनकी टीम के साथी सिंदर, नरिंद्र और गुरेंद्र बच्चों की तलाश में नहर में सर्च अभियान चलाए हुए हैं।
शाहाबाद थाना से जांच अधिकारी मनोज कुमार ने कहा उनके पास 31 मई की दोपहर दानों बच्चों के लापता होने की सूचना आई थी। मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई। इंद्रजीत का शव वीरवार को देर सायं नहर में से बरामद हुआ है, जिसको कब्जे में लेकर एलएनजेपी अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखवा दिया है। आज शुक्रवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं लापता राहुल की तलाश में नहर में सर्च अभियान जारी है।