कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के एनएसएस प्रोग्राम कोआर्डिनेटर प्रो. दिनेश राणा को हरियाणा राज्य के सर्वश्रेष्ठ एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक और छात्र दीपक सिंह को सर्वश्रेष्ठ स्वयं सेवक और के पुरस्कार से नवाजा गया है।
दोनों को ये सम्मान नौ मार्च को चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय एनएसएस सम्मान समारोह में शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर की ओर से प्रदान किया गया। प्रो. दिनेश राणा को पुरस्कार के साथ 51 हजार रुपये तथा स्वयं सेवक दीपक सिंह को अवॉर्ड के अलावा 21 हजार रुपये नकद दिए गए हैं।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा व कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा ने दोनों को सम्मानित किया। कुलपति ने कहा कि स्वयंसेवक समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रो. दिनेश राणा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना में राष्ट्र एवं सेवा का बहुत बड़ा महत्व है। एनएसएस का उद्देश्य भी जल में, थल में और गगन में समाज को शांति के प्रति जागरूक व संवेदनशील करना है।