कोरोना वैक्सीन की पहली डोज के बाद अभी तक दूसरी डोज से वंचित रहे जिलेभर के 78 हजार 503 लोगों के घरों में अब आशा वर्कर दस्तक देंगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सूची भी तैयार की गई है, जिसमें थानेसर, पिहोवा और लाडवा सहित अन्य क्षेत्रों से पहली डोज लेने के बाद दूसरी डोज से वंचित रहे लोगों का डाटा है। सरकार की ओर से जिला स्वास्थ्य विभाग को 14 अक्तूबर तक 60 हजार लोगों को सुरक्षा कवच पहनाने का लक्ष्य दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार थानेसर में 18 हजार 708, शाहाबाद में 5 हजार 561, पिहोवा में 14 हजार 364, मथाना में 8 हजार 475, लाडवा में 12 हजार 162, झांसा में 9 हजार 781 और बारना सीएचसी क्षेत्र में 9 हजार 452 लोगों की दूसरी डोज ड्यू है।
बताया गया कि जिलेभर की आशा वर्कर विभाग द्वारा तैयार की गई सूची के अनुसार घर-घर दस्तक देंगी और यहां वैक्सीन की दूसरी डोज से वंचित व्यक्ति को सुरक्षा कवच पहनने के प्रति जागरूक करेंगी। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिलेभर में 11 अक्तूबर तक 8 लाख 4 हजार 792 को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। इनमें से 5 लाख 79 हजार 109 को पहली और 2 लाख 25 हजार 683 को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है,लेकिन स्वास्थ्य विभाग का अब फोकस दूसरी डोज से वंचित रहे लोगों को सुरक्षा कवच पहनाने पर है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से एलएनजेपी अस्पताल सहित 65 वैक्सीनेशन सेंटरों पर 3216 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज लगाई गई।
उप जिला सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा सिंह ने बताया कि लोगों को कोरोना के संक्रमण से बचाने के लिए प्रतिदिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा शेड्यूल जारी किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग इस अभियान के तहत जिले के अंतिम व्यक्ति तक को कोरोना की वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। विभाग की ओर से जिलेभर में 13 अक्तूबर को 78 स्थानों पर कोरोना वैक्सीनेशन की पहली तथा दूसरी डोज लगाई जाएगी।
जिला सिविल सर्जन डॉ. संत लाल वर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट काफी अच्छे स्तर पर है। जिले में अब तक 21786 कोविड मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। अब मात्र दो एक्टिव केस बचे हुए हैं, जिन्हें घर पर आइसोलेट किया हुआ है। विभाग द्वारा लिए गए आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 826 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में अभी तक 22145 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं और 357 मरीजों की मौत हो चुकी है।