इस्माईलाबाद। शहर के बीचों बीच निर्माणाधीन हाईवे का काम एक बार फिर से बंद होने से परेशान दुकानदारों व शहरवासियों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। किसान यूनियन ने ब्लॉक प्रधान गुरनाम सिंह चम्मूकलां के नेतृत्व में गुरुद्वारे के सामने बस स्टैंड पर धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जगवीर सिंह, नायब तहसीलदार राधेश्याम व पीडब्ल्यूडी विभाग एसडीओ सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे तथा धरने पर बैठे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे हाईवे निर्माण का कार्य शुरू होने की मांग पर अड़े रहे। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि एक जून से इस हाईवे का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं दुकानदारों ने चेतावनी दी कि अगर एक जून को काम शुरू नहीं हुआ तो उन्हें मजबूर होकर नेशनल हाईवे 152-डी पर जाम लगाना पड़ेगा।
भाकियू के ब्लॉक प्रधान गुरनाम सिंह ने बताया कि पिछले करीब एक साल से हाईवे की यह सड़क उखड़ी हुई है। ऐसे में सड़क से उड़ने वाली मिट्टी की धूल से दुकानदार पहले ही परेशान थे, जिसके बाद अब विभाग द्वारा इस सड़क को बनाने के लिए करीब दो फुट गहरा खोद दिया गया है। इससे ग्राहकों का दुकानों पर आना जाना मुश्किल हो चुका है। पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारी और अधिकारी इस सड़क पर कुछ दिन काम शुरू करने के बाद फिर से बंद कर देते हैं, जिससे लोगों में रोष है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए पिछले सप्ताह ही दुकानदारों द्वारा हाईवे जाम किया गया था। उस समय भी अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि अब काम बंद नहीं होगा, लेकिन उसके बाद फिर से वही स्थिति बन गई है। उन्होंने बताया कि आगे बरसात का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में इस हाईवे का जल्द से जल्द निर्माण होना चाहिए, लेकिन विभाग इसे बनाने में बार-बार देरी कर रहा है। इस बार विभाग ने एक जून का आश्वासन दिया है। इसके बाद भी अगर काम शुरू नहीं हुआ तो नेशनल हाईवे जाम कर दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इस मौके पर सुभाष शर्मा, राजेंद्र, भगवान गोयल, जरनैल सिंह, अवतार सिंह, करनैल सिंह, बिंदा आदि मौजूद रहे।