कुरुक्षेत्र। युवक को पक्के तौर पर कनाडा बुलाने का झांसा देकर एक एनआरआई ने 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोपी ने 70 हजार कैनेडियन डॉलर में सौदा तय किया था। शिकायत पर पुलिस ने एनआरआई सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
थाना शाहाबाद में दर्ज शिकायत में गुरदीप सिंह निवासी नलवी ने बताया कि उसकी बहन का दामाद नवनीत कुमार निवासी आदोमाजरा (अंबाला) कनाडा जाना चाहता था। इस बारे में उसने कनाडा में रह रहे कुलबीर सिंह से बात की थी। कुलबीर ने 70 हजार कैनेडियन डॉलर में नवनीत को पक्के तौर पर कनाडा बुलाने का आश्वासन दिया था।
सितंबर 2020 में उसके भतीजे आकाश ने काम शुरू करने के लिए कुलबीर को पांच हजार कैनेडियन डॉलर दिए थे, जिसके बाद आरोपी ने नवनीत के कागजात अपनी ई-मेल पर मंगवाए थे। अक्तूबर में कुलबीर ने एलएमआईए के नाम पर सात हजार डॉलर नगद दिए थे। जनवरी 2021 में आरोपी ने उनकी ई-मेल पर नौकरी के लिए लेटर भेजा और जल्दी वीजा आने की बात कही थी, मगर कोई काम नहीं हुआ। फरवरी 2022 में कुलबीर के माता-पिता उनके घर आकर छह लाख रुपये ले गए। 12 अगस्त को एंबेसी ने पक्ष रखने के लिए उनको ई-मेल भेजी, जिसके एवज में आरोपी कुलबीर अपने पिता और साथी हरपाल सोही के साथ आकर एक लाख 20 हजार रुपये ले गए। काफी समय बीत जाने के बाद उनका काम नहीं हुआ तो उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। तब आरोपियों ने ढाई लाख रुपये वापस किए। लेकिन बाकी के रुपये नहीं लौटाए। गुरदीप सिंह की शिकायत पर पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।