बहन-भाई को अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया का नकली वीजा देकर नौ लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी जगमोहन वासी बलिया वाला थाना सदर टोहाना जिला फतेहाबाद को एक दिन के रिमांड पर लिया है।
डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 7 जुलाई को प्रदीप कुमार वासी सुंदरपुर ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह दो साल पहले दिसंबर 2019 में शुभम वासी शंकर कॉलोनी पिपली और रमन वासी मुंडाखेड़ा से उनके बिरला मंदिर चौक पर कार्यालय पर मिला था। उन्होंने उसकी बेटी का अमेरिका और बेटेविनय का ऑस्ट्रेलिया का स्टूडेंट वीजा लगवाने की बात कहकर दोनों बच्चों के कागजात मांगे थे। 24 दिसंबर 2019 को उन्होंने उसे जगमोहन से मिलवाया था, जिसने उसकी बेटी का अमेरिका का वीजा एक सप्ताह में देने की बात कहकर 20 लाख रुपये नकद की मांग की थी।
03 जनवरी 2020 को उन्होंने उसे अपने कार्यालय बुलाकर उसकी बेटी के नाम से अमेरिका का वीजा दे दिया था तथा उनके कहे अनुसार उसने अपनी बेटी को विदेश भेजने की तैयारी शुरू कर दी थी। चार दिन बाद 6 जनवरी 2021 को उन्होंने उसे फिर अपने कार्यालय बुलाकर उसके बेटे का ऑस्ट्रेलिया का वीजा अप्लाई करने का आश्वासन दिया था। इसके लिए उन्होंने उसे रविंद्र वासी जमालपुर शेखा तहसील टोहाना व मनदीप सिंह वासी मीरपुर जिला फतेहगढ़ साहिब के खाते में छह लाख रुपये जमा कराने की मांग की थी। इस पर उसने 14 जनवरी 2021 को उनके खाते में छह लाख रुपये डाल दिए थे। उसके बाद उन्होंने उससे दो लाख रुपये टिकट के नाम पर लिए थे। उन्होंने उसके बेटे के नाम से एक वीजा की कॉपी देकर 04 फरवरी उससे एक लाख रुपये अपने अकाउंट में जमा करा लिए थे। जब उसने वीजा की जांच कराई तो पता चला कि नकली वीजा देकर उन्होंने उसके साथ नौ लाख रुपये धोखाधड़ी की है। शिकायत पर थाना केयूके में मामला दर्ज करके जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी जगमोहन को गिरफ्तार करके अदालत से एक दिन के रिमांड पर लिया है।