स्वतंत्रता दिवस पर हर गांव तिरंगा अभियान के तहत एबीवीपी जिलेभर के 200 गांव एवं बस्तियों में पहुंच ध्वजारोहण करेगी। इसके लिए जिला स्तर पर 1200 कार्यकर्ताओं की भी ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही इस अवसर पर शहीद परिवार व सैनिक के परिवार को सम्मानित भी किया जाएगा।
अहम बात ये है कि एबीवीपी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में किसी सत्ता पक्ष व राजनीतिक दल से जुड़े किसी व्यक्ति को आमंत्रित नहीं किया जाएगा। गांव-गांव तिरंगा अभियान के प्रदेश सह संयोजक हिमांशु ठाकुर ने शुक्रवार को बालकुलम शिक्षा संस्थान में पत्रकारों से बातचीत की और अभियान से जुड़ी जानकारी साझा की। हिमांशु ठाकुर ने बताया कि हमारा देश 15 अगस्त को अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। परंपरा के अनुसार इस वर्ष की सरकार और जिला प्रशासन द्वारा सरकारी तौर पर सरकारी शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा, लेकिन समाज में एक तबका वह भी है जो ग्रामीण क्षेत्रों एवं विभिन्न प्रकार की बस्तियों एवं झुग्गियों में रहता हैं, जिन तक भारतीय स्वतंत्रता दिवस का महत्व एवं संदेश पहुंच ही नहीं पाता। इसी को जहन में रखते हुए एबीवीपी 15 अगस्त को अखिल भारतीय स्तर पर हर गांव तिरंगा अभियान चलाया जाएगा, जिसमें परिषद के कार्यकर्ता देश भर में विभिन्न गांव, वार्डों एवं बस्तियों में पहुंच ध्वजारोहण कार्यक्रम करेगी। इस मौके पर केयू अध्यक्ष जयंत चौधरी, उपाध्यक्ष मनीषा टंडन, अजय, राहुल व विवेक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।