शहर की 18 सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। साथ ही शहर को स्वच्छ बनाने के लिए पॉवर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया के प्रशासन के साथ हुए समझौते के अनुसार शहर के लिए 750 डस्टबीन खरीदे जाएंगे। इतना ही नहीं फॉगिंग करवाने के लिए मशीनों को जल्द से जल्द ठीक करवाने के विधायक सुभाष सुधा ने आदेश दिए हैं।
विधायक सुभाष सुधा वीरवार को सर्किट हाउस में शहर की सड़कों के निर्माण और स्वच्छता को लेकर नगर परिषद के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान विधायक ने नगर परिषद की रिपोर्ट के आधार पर कहा कि उमरी रोड मकान नंबर-1 से पावर ग्रिड कॉलोनी तक, जिंदल चौक से उमरी रोड, केडीबी रोड से एयरफोर्स चौक, सेक्टर 4 व 8, सेक्टर 2 से पिपली रोड, देवी लाल पार्क तक, वार्ड नंबर 9 में पेट्रोल पंप से जीटी रोड तक, केडीबी रोड राजेश पायलट चौक, झांसा रोड से कुबेर मंदिर वाया महंत प्रभातपूरी स्कूल, झांसा रोड से कुबेर मंदिर, क्रांति भवन से सरस्वती रिवर, पीएच डिस्पोजल से इंडेन गोदान, संत कबीर भवन से सुंदरपुर मैन रोड वार्ड नंबर 11, गैस किट टाल से सम्राट होटल, पुरानी अनाज मंडी, कैलाश नगर और सेक्टर 13, ब्रह्मसरोवर से किरमिच रोड, भारद्वाज निवास से नरकरतारी रोड, नरकरतारी रोड से मलिक मेडिकल हाल तक, नाभि कमल मंदिर और उसके साथ लगती दो गलियों, जांगड़ा धर्मशाला से लक्ष्मण चौक, नरकरतारी से गायत्री चेतना केंद्र, जीटी रोड से शहीद उधम सिंह चौक, सेक्टर 3, सेक्टर 2, सेक्टर 13, सेक्टर 5 सहित शहर के अन्य सेक्टरों की विभिन्न सड़कों का निर्माण कार्य किया जाएगा।
इन सभी सड़कों के निर्माण के लिए नगर परिषद शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगी। विधायक ने कहा कि नगर परिषद की तरफ से पावर ग्रिड के साथ हुए समझौते के अनुसार 750 डस्टबिन खरीदे जाएंगे। इन डस्टबिन को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रखा जाएगा। इस समझौते के अनुसार शहर में जल्द ही 4 ऑटोमेटिक ट्रैफिक लाइट लगाने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। इस शहर के सेक्टर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर परिषद की तरफ से 27 अगस्त को टेंडर खोले जाएंगे। इस टेंडर के अनुसार शहर के सभी रिहायशी सेक्टरों में सफाई व्यवस्था के लिए 90 लोगों की नियुक्ति की जाएगी।
इसके साथ 7 ट्रैक्टर-ट्राली और 7 ड्राइवर भी होंगे। कहा कि नगर परिषद की तरफ से शहर में बेसहारा घूम रहे 125 पशुओं को गौशाला तक पहुंचाया गया है, बाकी बेसहारा पशुओं को भी जल्द से जल्द गौशाला तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक, डीएमसी भारत भूषण गोगिया, ईओ नप बलबीर कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मॉडल रेहड़ी खरीदने के लिए दिया जाएगा 60 फीसदी बजट
पॉवर ग्रिड के सहयोग से शहर में वेंटर स्ट्रीट योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए 85 मॉडल रेहड़ियां लोगों द्वारा खरीदी जाएंगी। इसके लिए 60 फीसदी कीमत प्रशासन द्वारा दी जाएगी और 40 फीसदी राशि संबंधित व्यक्ति द्वारा वहन की जाएगी। इससे लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इन रेहड़ी चालकों को ब्रह्मसरोवर के आसपास जगह भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
नाइट स्वीपिंग के लिए भी लगाए जाएंगे टेंडर
विधायक ने नप अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों में रात्रि के समय सफाई करवाई जाए। इसके लिए नगर परिषद की तरफ से शीघ्र टेंडर लगाए जाए, ताकि बाजारों में रात्रि के समय सफाई की जा सके। इसके अलावा नगर परिषद को हाथ वाली रेहड़ी खरीदने के भी निर्देश दिए हैं।
शहर को जगमग करने के लिए लगेंगी 1500 नई एलईडी लाइट्स
विधायक ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर को जगमग करने के लिए नगर परिषद को 1500 नई एलईडी लाइट लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रात्रि के समय स्ट्रीट लाइट बंद नहीं होनी चाहिए।