जिले में आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 622 सैंपलों की जांच बुधवार को की गई। इसमें 141 नए केस मिले और वीरवार को 1203 सैंपलों की जांच की गई इसमें 208 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इस तरह दोनों दिन कुल 349 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। संक्रमित मरीजों में एलएनजेपी अस्पताल की 43 वर्षीय सीनियर नर्सिंग ऑफिसर, 35 वर्षीय नर्सिंग ऑफिसर, सीएचसी मथाना से लैब टेक्नीशियन, मथाना से 39 वर्षीय एएनएम, 46 वर्षीय स्वास्थ्य कर्मचारी, सीएचसी झांसा से लेखा अधिकारी और बाबैन से 47 वर्षीय स्वास्थ्य कर्मचारी, छह मासूम और 50 विद्यार्थी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से वीरवार को 202 मरीजों को ठीक होने पर घर भेज दिया गया है।
बता दें कि स्वास्थ्य महकमा टेस्ट, ट्रैकिंग, ट्रीट और टीकाकरण नीति पर चलकर भले ही कोविड की तीसरी लहर से मुकाबला करने का दावा कर रहा है, लेकिन जिला स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण ही नहीं सैंपलिंग में भी पिछड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग जितनी संख्या में सैंपलिंग कर रहा है, ठीक उसी प्रकार रोजाना सामने आने वाले नए कोरोना संक्रमितों की संख्या घट-बढ़ रही है। जिले में अब सक्रिय केस का आंकड़ा 654 तक पहुंच गया है। इनमें से 597 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। इसके अलावा 57 मरीजों को अस्पताल में दाखिल किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार कुरुक्षेत्र में अब तक आए 25 हजार 509 संक्रमित मरीजों में से 24 हजार 489 मरीज ठीक हो चुके हैं। तीसरी लहर में आठ मौतों सहित अभी तक 366 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक ओमिक्रॉन वैरिएंट के 99 सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं, लेकिन अभी तक हासिल रिपोर्ट में 10 मरीजों को ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। बताया कि अभी तक लिए गए 656203 में से 629764 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
सभी एसएमओ और एमओ को दिए सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश: डॉ. मलिक
अतिरिक्त प्रवर चिकित्सा अधिकारी (आईडीएसपी) डॉ. जगमेंद्र मलिक का कहना है कि पिछले दिनों बारिश की वजह से सैंपलिंग की संख्या में गिरावट आई थी। अब सभी सीएचसी व पीएचसी प्रभारियों को सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने इस संदर्भ में संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक ली थी। इसमें एसएमओ और एमओ को सैंपलिंग बढ़ाने का लक्ष्य दिया गया है।