संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पुलिस ने सस्ते चावल दिलाने के नाम पर दो करोड़ 99 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी राजबीर सिंह वासी बाता थाना कलायत (कैथल) की निशानदेही पर दो लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
राइस मिलर पाली राम वासी बाखली ने 18 मार्च को पुलिस को दी शिकायत में बताया छा कि जनवरी 2021 को आरोपी राजबीर सिंह ने उसे सस्ते दाम में चावल दिलाने का आश्वासन दिया था। उसने तीन हजार क्विंटल चावल का सौदा 2380 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से कराया था। राजबीर ने उसे छह-सात फरवरी 2021 को चावल की डिलीवरी देने की बात कही थी। आरोपी ने आश्वासन दिया था कि भुगतान होने के बाद वह उसी शाम चावल डिलीवरी भेज देगा। अगले दिन राजबीर उसकी दुकान पर आया था। वह व राकेश बधवार पेमेंट लेकर उसके साथ मोहाली चले गए थे।
यहां राजबीर ने उसे प्रॉपर्टी एवं राइस एजेंट दिलबाग सिंह व नितिन से मिलाया था। उसने दिलबाग के घर पर उनको तीन हजार क्विंटल चावल का 71 लाख 40 हजार रुपये भुगतान कर दिया था। उन्होंने कहा कि शाम तक चावल की डिलीवरी भेजने की बात कही थी। डिलीवरी नहीं हुई तो फोन पर राजबीर ने बताया कि गाड़ियां रास्ते में पकड़ी गई है। उन्होंने पचास लाख रुपये की मदद मांगी थी। इसके बदले 2200 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब चावल देने का वादा किया था।
चार-पांच दिन बाद राजबीर पिहोवा आया और पचास लाख रुपये लेकर वह और राजबीर मोहाली गए। यहां दिलबाग व नितिन ने 50 लाख रुपये लेकर दो-चार दिन में डिलीवरी पहुंचाने की बात कही थी। डिलीवरी नहीं होने पर वह राजबीर को लेकर दिलबाग के पास मोहाली गया और वे उसे जमीन दिखाने के लिए यमुनानगर की तरफ ले गए थे। यहां उन्होंने उसे टोल प्लाजा के पास होटल के साथ लगती आठ एकड़ जमीन दिखाई और एक करोड़ रुपये प्रति एकड़ जमीन का रेट बताया था।
उसने इतनी महंगी जमीन लेने से मना कर दिया था। मना करने के बाद 16 अप्रैल को आरोपी उसे जमीन मालिक से मिलवाने के लिए कोटद्वार (उत्तराखंड) ले गए थे। यहां पर उसे एक आदमी से मिलाया और जमीन का सौदा तय कर दिया। कुछ दिन बाद उसने 50 लाख रुपये दिलबाग, नितिन शर्मा और राजबीर को यमुनानगर टोल के पास दे दिए थे। उन्होंने उसे एक करोड़ रुपये का इंतजाम करके जमीन का बयाना उसके नाम कराने की बात कही। मोहाली वापस आने पर दिलबाग, नितीन व राजबीर ने उसका फोन छीन लिया और बंधक बनाकर यमुनानगर की तरफ ले गए। उन्होंने उसके साथ मारपीट करके परिजनों से एक करोड़ 30 लाख रूपये मंगाने और न देने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
कुछ घंटों के बाद आरोपियों ने उसको शाहाबाद छोड़ दिया और पांच-छह दिन में रकम का इंतजाम करने की धमकी दी। कुछ दिनों बाद राजबीर उसके पास आया और उसने एक करोड़ 26 लाख 60 हजार रुपये का इंतजाम करके अपनी व अपने परिवार की जान बचाने के लिए दिलबाग, नितीन व राजबीर को शाहबाद में दे दिए। शिकायत पर थाना छप्पर जिला यमुनानगर में जीरो एफआईआर काटकर जिला कुरुक्षेत्र भेजी थी। इस पर थाना शहर पिहोवा में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच करते हुए 25 मार्च को पुलिस ने आरोप में राजबीर सिंह को गिरफ्तार करके आठ दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपी से दो लाख रुपये बरामद करके शुक्रवार को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया।