ठगों ने बातों में उलझाकर एक व्यक्ति से धोखाधड़ी करते हुए उसके खाते से 1 लाख 7 हजार रुपये उड़ा लिए। गांव ढकाला निवासी रविंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है।
उन्होंने बताया कि शाम के समय उसके पास फोन आया और कहा कि वह एडीओ शाहाबाद से बोल रहा है। वह उसके खाते में 20 हजार रुपये डलवा रहा है। पैसे बाद में दे देना। उसके पास एक ओटीपी आएगा। उसने ओटीपी बता दिया और उसके खाते से अलग अलग 40 हजार रुपये कट गए। ठगों ने कहा कि गलती से ये रुपये कट गए हैं। किसी अन्य व्यक्ति का एटीएम नंबर दे दो, ताकि वह पैसे वापस कर दे।
शिकायतकर्ता ने अपने चाचा के लड़के जितेंद्र सिंह का नंबर दे दिया। आरोपी ने कहा कि आप नंबर देने की बजाय उसकी फोन पर बात करवा दो। उसने अज्ञात व्यक्ति की बात जितेंद्र से करवा दी। आरोपी ने कहा कि वह जैसे बोलता है वैसे करते जाओ। इसके बाद भाई जितेंद्र सिंह के बैंक खाते से 67 हजार रुपये उड़ा लिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।