क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से दो महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की हैं। क्षेत्र से किशोरी, युवती व महिलाओं के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के मामले बीते मई माह से अब तक लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जून महीने के दिनों को छोड़कर अकेले मई माह में इस तरह के 16 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
गांव नेवल से एक 20 वर्षीय महिला अपनी 10 माह की बच्ची सहित दिन के समय घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। जिस समय वह लापता हुई उस समय परिजन घर के किसी कार्य में व्यस्त थे। बताया जाता है कि उसकी कुछ साल पूर्व उत्तरप्रदेश में शादी हुई थी। वह पिछले कुछ माह से गांव नेवल में ही रह रही थी। परिजनों ने अपने स्तर पर दो दिन तक उसे काफी तलाश किया लेकिन जब कोई सुराग नहीं चल पाया तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दे दी।
इसके अलावा दूसरी घटना गांव कुंडा कला से जुड़ी है। जहां 24 वर्षीय विवाहिता शुक्रवार को दिन में चार बजे अचानक घर से लापता हो गई। आसपास इलाके में तलाश करने पर जब उसका कुछ पता नहीं चल पाया तो परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि लापता युवतियों की तलाश जारी है। जल्द ही मामलों सुलझा लिया जाएगा। संवाद