करनाल। मौसम का लगातार अपना मिजाज बदल रहा है। शुक्रवार की रात कई स्थानों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई, शनिवार दोपहर बाद तक भी आसमान पर बादलों का घेरा रहा लेकिन शाम होते होते मौसम साफ हो गया। रविवार को भी मौसम साफ रहने की संभावना है लेकिन एक और हल्क पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 28 फरवरी की रात से एक बार फिर मौसम के तेवर तल्ख हो सकते हैं। इसके परिणाम स्वरूप एक मार्च को बादलवाई के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी व हल्की बारिश होने की संभावना है।
राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान की कृषि मौसम सेवा के मौसम वैज्ञानिकों ने पूर्वानुमान जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि पिछले तीन दिनों में घरौंडा में सबसे अधिक 12 एमएम व सबसे कम निसिंग में 4 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। रविवार को मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान है, लेकिन 28 फरवरी की रात को आसमान पर फिर बादल छा सकते हैं और एक मार्च को बूंदाबांदी और कहीं कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। कृषि विज्ञान के वैज्ञानिकों के अनुसार करनाल में पीला रतुआ फसल में लग रहा है, इसलिए किसानों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। सरसों भी इस समय पकाव की स्थिति में है, कुछ जगह कटाई भी शुरू हो गई है। चने में फूल बन रहा है, नमी अभी पर्याप्त है, फिर भी यदि सिंचाई की आवश्यकता हो तो मौसम के पूर्वानुमान का विशेष ध्यान रखें।