माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। चार नगर पालिकाओं में चुनाव होने हैं। शेड्यूल के अनुसार सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन पहले दिन चारों में से कहीं भी उम्मीद्वार नामांकन दाखिल करने नहीं पहुंचा। केवल निसिंग में चेयरमैन पद पर चुनाव लड़ने का इच्छुक एक व्यक्ति फार्म लेने पहुंचा।
दिन पर नगर पालिका और एसडीएम कार्यालय में रिटर्निंग अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी तैनात रहे, लेकिन कोई नामांकन दाखिल करने नहीं पहुंचा। ऐसे में उन्होंने भी चुनाव संबंधित अपने जरूरी कार्य निपटाए। जिले में घरौंडा, असंध, तरावड़ी और निसिंग नगर पालिका में चुनाव होना है। चारों जगह चेयरमैन के अतिरिक्त कुल 62 पार्षद चुने जाने हैं। चार जून तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। 19 जून को मतदान होगा। सभी नगर पालिका क्षेत्रों में पार्षद और एसडीएम कार्यालय में चेयरमैन पद के लिए नामांकन जमा कराने की व्यवस्था की गई है। घरौंडा और असंध में 17-17, तरावड़ी में 15 और निसिंग में 13 वार्डों के पार्षद पद के लिए नामांकन पत्र भरे जाने हैं।
ये औपचारिकताएं करनी होंगी पूरी
नामांकन के लिए मतदाता सूची में मतदाता संख्या, जाति प्रमाणपत्र, को-ऑप्रेटिव बैंक, बिजली बोर्ड व नगर परिषद या नगर पालिका कार्यालय से एनओसी, शपथ पत्र, शैक्षणिक योग्यता के कागजात सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी है। उपायुक्त अनीश यादव का कहना है कि मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं। रिटर्निंग अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी पहले ही नियुक्त किए जा चुके हैं।
चेयरमैन पद के लिए आवेदन फार्म लेने पहुंचा
निसिंग। नगरपालिका चेयरमैन व पार्षद पद के चुनाव को लेकर पहले दिन किसी ने आवेदन जमा करवा अपनी उम्मीद्वारी की ताल नहीं ठोकी। हालांकि चेयरमैन पद पर चुनाव लड़ने के इच्छुक भगवंत सिंह बाम्बा आवेदन फार्म लेने पहुंचे। ताकि उसे भरकर समय से पूर्व जमा करवाया जा सके। नपा चुनाव को लेकर उम्मीद्वारों के आवेदन स्वीकार करने के लिए आरओ एचसीएस अदिति निर्धारित समय तक मौजूद रहीं। उन्होंने बताया कि चुनावी तैयारियों के तहत उन्होंने निसिंग में चुनाव केंद्रों का दौरा कर व्यवस्था जांचीं। स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। संवाद
छुट्टी के दिन ले सकेंगे नो ड्यूज
बिजली विभाग के एसडीओ मुनीश लांबा ने बताया कि दो जून को छुट्टी है, लेकिन चुनाव के मद्देनजर उनकी ओर से नो ड्यूज देने के लिए कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाएगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीद्वार छुट्टी के दिन भी नो ड्यूज सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकेंगे। वहीं नगरपालिका से प्रॉपर्टी टैक्स सहित अन्य प्रकार की नो ड्यूज ले सकेंगे। इनके अलावा पब्लिक हेल्थ, को ऑपरेटिव सोसाइटी व एग्रीकल्चर बैक की नो ड्यूज सर्टिफिकेट भी आवेदन के साथ लगानी होगी।