संवाद न्यूज एजेसी
घरौंडा। तीन आईईडी भरे कंटेनर, तीन राज्यों के तीन शहर, तीन लोकेशन और बब्बर खालसा के आतंकियों की तीसरी खेप की कड़ियों को जोड़ें तो आतंकी साजिश की काफी हद तक तस्वीर साफ हो जाती है। भले ही पुलिस गिरफ्तार आतंकी के मोबाइल में सिर्फ आदिलाबाद (तेलंगाना) की लोकेशन की ही पुष्टि कर रही हो, लेकिन परिस्थितियां तीन ठिकानों की ओर इशारा कर रही है, इस पर खुफिया एजेंसियां भी काम कर रही हैं। नांदेड़ में विस्फोटक पहुंचने की पुष्टि, आदिलाबाद में पहुंचाने की कोशिश, जो नाकाम हुई, लेकिन कंटेनर तो तीन मिले। तीसरा आईईडी भरा लोहे का कंटेनर आखिर किसके लिए। इस कंटेनर को दिल्ली नंबर की गाड़ी और आतंकियों की इनोवा का दिल्ली की ओर रुख देखकर आशंका भी उत्पन्न हो रही कि तीसरा निशाना देश की राजधानी दिल्ली हो सकती है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के जेलों में बंद नौजवान अपराधियों को मोटी कमाई का झांसा देकर आतंकी गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है, क्योंकि पकड़े गए चार आतंकियों का मुखिया गुरप्रीत है। गुरप्रीत लुधियाना जेल में बंद था और इस पर हत्या के प्रयास सहित दर्जनभर संगीन मामले दर्ज हैं। पंजाब पुलिस से भगौड़ा घोषित है। भले ही पुलिस सिर्फ आदिलाबाद की लोकेशन मिलने का दावा कर रही है, लेकिन तीन शहर, तीन लोकेशन व तीन कंटेनर और आतंकियों के विस्फोटक पहुंचाने की तीसरी कोशिश की कड़ियां जुड़ने से आतंकी साजिश काफी हद तक बेनकाब हो रही है।
खुफिया सूत्र बताते हैं कि पकड़े गए आतंकवादियों से देश के कई बड़े शहरों की लोकेशन मिली है। यह सभी लॉकेशन बब्बर खालसा गैंग के जरिए इन आतंकियों को दी गई थी। तीन कंटेनर बमों को अलग-अलग जगह ब्लास्ट की साजिश की हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि दिल्ली, महाराष्ट्र और तेलंगाना के बड़े शहर निशाने पर थे। इन लोगों का सहयोग करने वालों की भी पुलिस कुंडली खंगाल रही है।