The answer key was dealt with a candidate for Rs 12 lakh
- फोटो : Kaithal
कोरोना काल के बाद पहली बार किसी नौकरी के लिए आयोजित हुई लिखित परीक्षा नकल गिरोह की भेंट चढ़ गई। पकड़े गए गिरोह के सदस्यों ने 12 लाख रुपये में प्रति परीक्षार्थी आंसर-की उपलब्ध करवाने का सौदा किया था। पुलिस को पूछताछ में पकड़े गए तीनों युवकों के मोबाइल फोन से आंसर-की के स्क्रीन शॉट के साथ-साथ अनेक परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड मिलेे हैं। आंसर-की उपलब्ध करवाने वाले युवक को भी पुलिस ने काबू कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कैथल पुलिस को फतेहाबाद पुलिस से सुबह के सत्र के समय सूचना मिली कि कुछ युवक कैथल से परीक्षा को लीक कर रहे हैं। सूचना उपरांत पुलिस ने गाड़ी में से तीन युवकों को काबू करके पूछताछ की तो पूरे गिरोह की परतें खुलतीं गईं। कैथल, जींद सहित फतेहाबाद और हिसार जिले में भी इनपुट मिलने पर पुलिस अलर्ट हो गई।
पुलिस ने कार में से पकड़े गए युवक संदीप के मोबाइल की जांच की तो पता चला कि उसके व्हॉट्सएप पर 70276-44242 नंबर से परीक्षा की आंसर-की तथा कुछ संदिग्ध रिकॉर्डिंग और सहित संदिग्ध दस्तावेज प्राप्त हुए। साथ ही उसकी जेब से दो प्रति आंसर-की रिकवर हुईं, जिनमें 98 प्रश्नों के ए, बी, सी और डी सीरीज के आंसर मिले हैं। संदीप ने पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि ये आंसर-की और दस्तावेज पुलिस सिपाही पद की परीक्षा के हैं।
वहीं धरे गये गौतम के मोबाइल में व्हॉट्सएप पर कई नंबरों से काफी लड़कों के भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड पाए गए। तीसरे लड़के नवीन के मोबाइल में व्हॉट्सएप पर भी भर्ती परीक्षा के संदर्भ में संदिग्ध मैसेज पाए गए। इसी कारण पुलिस ने तीनों से गंभीरता से पूछताछ के बाद दो और युवकों को काबू कर लिया। संदीप ने यह आंसर-की उपलब्ध करवाने वाले का नाम थुआ निवासी रमेश बताया, आरोप है कि वह फर्जी रोल नंबर तैयार करके परीक्षा देने वाले लड़कों की जगह अन्य लड़के भेजकर परीक्षा दिलवाने का भी धंधा करता है। सिपाही पद की परीक्षा के लिए भी आंसर-की देने के एवज में प्रत्येक प्रार्थी से 12 लाख रुपये का सौदा होने का भी खुलासा किया। पुलिस ने फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 420/467/468/471/120बी के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
आईजी करनाल रेंज ममता सिंह ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। जैसे ही जानकारी मिल रही है, उसी अनुसार आगे कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।