संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। डीटीपी रिश्वत मामले में हरियाणा स्टेट विजिलेंस की टीम सोमवार को तहसीलदार राजबख्श को पांच दिन के रिमांड के बाद दोबारा कोर्ट में पेश करेगी। सूत्रों का कहना है कि विजिलेंस की टीम दोबारा तहसीलदार का रिमांड मांग सकती है, क्योंकि इस बार पूछताछ में तहसीलदार ने कई जानकारियां दी हैं। इसका सोमवार को विजिलेंस खुलासा भी कर सकती है। वहीं डीटीपी विक्रम भी पांच दिन के रिमांड पर है। इसके अलावा रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने के मामले में एसई की अग्रिम जमानत पर आज बहस होगी। सूत्रों का कहना है कि विजिलेंस की टीम ने एक लंबी लिस्ट तैयार की है। जिसमें कॉलोनाइजर, डीड राइटर, क्लर्क सहित अन्य कर्मचारी व अधिकारी शामिल हैं। जिनसे विजिलेंस को पूछताछ करनी है। इनमें से कई नाम उन लोगों के भी शामिल हैं, जिनके साथ मिलकर तहसीलदार ने अवैध कॉलोनी काटी है।
हालांकि विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद ही वह खुलासा करेंगे। 16 मार्च को तहसीलदार को दोबारा कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे पांच दिन के रिमांड पर भेजा गया। वहीं तीन दिन का रिमांड पूरा होने पर 18 मार्च को विजिलेंस ने डीटीपी विक्रम को दोबारा कोर्ट में पेश किया जहां से उसे पांच दिन के रिमांड पर लिया गया। 23 मार्च को डीटीपी विक्रम को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि जल्द ही विजिलेंस चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर सकती है। इसके बाद अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
एसई दीपक किग्गर की आज होगी अग्रिम जमानत पर बहस
करनाल। नगर निगम कार्यालय में रुपये लेते वीडियो वायरल होने के मामले में एसई दीपक किग्गर अपने बचाव के पूरे प्रयास कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि उसने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी है। सोमवार को इस पर बहस होनी है। लोगों का कहना है कि पुलिस इस मामले में ढीली कार्रवाई कर रही है। यदि सख्त कार्रवाई की होती तो अब तक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया होता। इस मामले में अभी तक पुलिस ने एसई दीपक किग्गर के पीए विकास को गिरफ्तार किया है। उसे एक दिन के रिमांड पर लिया था लेकिन पुलिस कुछ बरामद नहीं कर पाई है। जबकि यह मामला ढाई महीने से चल रहा है।
नगर निगम में एसई कार्यालय में रिश्वत लेने के 32 वीडियो सामने आ चुके हैं। उनकी जांच के बाद ही एडीसी योगेश कुमार की रिपोर्ट पर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया था। वीडियो के अनुसार हर रोज रिश्वत के 70-80 हजार रुपये लेने का अनुमान है। इन वीडियो में एसई दीपक किग्गर व उसका पीए विकास शर्मा रुपये लेता नजर आ रहा है। वहीं जेई व ठेकेदार रुपये देते हुए नजर आ रहे हैं। संवाद