माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। करवाचौथ पर जिले की दो महिलाओं का सुहाग छिन गया। एक व्यक्ति की जहां सड़क हादसे में मौत हो गई वहीं दूसरे ने खेत में जाकर फंदा लगाकर जान दे दी। जिससे खुशियों के त्योहार के दिन घरों में मातम छा गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करते जांच शुरू कर दी है।
मामला-1
अल सुबह पहले बेटे को पिलाई चाय, फिर खेत में जाकर लगाया फंदा
करनाल/इंद्री। इंद्री के बीबीपुर गांव में अल सुबह करीब 35 वर्षीय प्रवीण ने खेत में पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार अल सुबह गांव से कुछ दूरी पर ग्रामीणों ने एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका देखा। सूचना के बाद परिजन, ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेज दिया। मृतक के पिता अमर सिंह ने बताया कि मृतक अपने पीछे आठ साल का एक बेटा व पत्नी छोड़ गया है। सुबह खेत में जाने से पहले उसने बेटे को चाय भी पिलाई। मृतक मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण कर रहा था। इंद्री थाना प्रभारी सचिन ने बताया कि मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतक के पिता अमर सिंह के बयान के आधार पर 174 की कार्रवाई की है। ब्यूरो
मामला-2
काम खत्म कर घर जा रहे राजमिस्त्री को कार ने मारी टक्कर, गई जान
करनाल। काम खत्म करने के बाद शनिवार रात अपने घर जा रहे बाइक सवार राजमिस्त्री को कार ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सहारनपुर के बडगांव निवासी मोनू ने बताया कि वह और राजमिस्त्री मोनू (35) वासी रम्बा शनिवार रात तरावड़ी से काम खत्म करके गांव रम्बा आ रहे थे। रम्बा तालाब के पास सड़क पर उन्हें ज्ञानी राम मिले। तीनों सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान रम्बा गांव की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां राजमिस्त्री मोनू को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों का इलाज चल रहा है। विवेचना अधिकारी राजाराम ने बताया कि शनिवार रात को हादसा हुआ था। मृतक के बच्चे भी हैं। ब्यूरो