संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। रेलवे स्टेशन माल यार्ड के समीप बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में दिल्ली-चंडीगढ़ शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से दसवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर मृतक की पहचान के प्रयास किए। मृतक की पहचान शिव कॉलोनी की गली नंबर एक निवासी सौरभ (15) के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और शिनाख्त की। शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में जीआरपी ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है। छात्र किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर पहुंचा यह जांच के बाद ही पता चलेगा।
मृतक के चाचा राजपाल सिंह ने बताया कि सौरभ सुबह स्कूल गया था। वह घर के समीप ही दूसरी गली स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ता था। वे इस बात से हैरान हैं कि वह स्कूल जाने के बजाय रेलवे ट्रैक पर किस कारण पहुंचा। वह स्कूल गया था या नहीं इस बाबत स्कूल प्रबंधन से बात करेंगे और उसके साथी से भी अपने स्तर पर पता करेंगे।
जीआरपी जांच अधिकारी दरिया सिंह का कहना है कि यह घटना सुबह करीब 9:20 बजे की है। जीआरपी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। स्कूल बैग से मिले साक्ष्यों के जरिये परिजनों से संपर्क किया गया। मृतक के पिता विशंभर दास ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त की है। फिलहाल इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। मामले में हर पहलू पर जांच करेेंगे।