फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तूफान, ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर गिरे पेड़

विज्ञापन
विज्ञापन
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार दोपहर के बाद जिले के ज्यादातर क्षेत्रों में ओलावृष्टि और बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। करनाल शहर सहित जिले के सभी आठ खंडों में तूफान के कारण कई जगह पेड़ गिरने से यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शाम करीब पौने चार बजे करनाल-यमुनानगर वाया गढ़ीबीरबल स्टेट हाईवे पर बड़ागांव से आगे चौरा व चोरपुरा गांव की तरफ करीब 12 पेड़ गिरने से यातायात कई घंटे बाधित रहा। जबकि इस क्षेत्र में हल्की बूंदें पड़ी। वहीं शहर में राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान, माल रोड, सेशन मार्ग व उपायुक्त आवास क्षेत्र में रात तक बिजली बहाल नहीं हो पाई। शहर के कई क्षेत्रों में अंधेरा रहा। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता जेएस नारा और सिटी डिवीजन के कार्यकारी अभियंता सोमबीर सिंह आधी रात तक व्यवस्था बहाल कराने में व्यस्त रहे। राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान के कृषि विज्ञान केंद्र स्थित कृषि मौसम सेवा इकाई के अनुसार रविवार को भी पश्चिमी विक्षोभ का असर रह सकता है। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दोपहर 2:22 बजे अधिकतम तापमान 38.6 व न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विज्ञापन

नीलोखेड़ी, तरावड़ी शहर और शामगढ़ गांव क्षेत्र में तूफान की गति ज्यादा रहने से बिजली की तारें क्षतिग्रस्त हो गईं। कुछ क्षेत्रों में रात तक मौसम खराब रहने और तेज हवाएं जारी रहने के कारण बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकीं। शामगढ़ गांव में शाम साढ़े चार बजे बिजली लाइन पर विशाल पेड़ गिरने से खंभे व बिजली की तारें टूटने से रात को गांव अंधेरे में डूबा रहा। असंध खंड के चोचड़ा गांव क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। करनाल शहर के आईटीआई चौक से बुढ़ाखेड़ा के मध्य क्षेत्र में भी ओले पड़े और अच्छी बारिश हुई।
उत्तर हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के डिवीजन नंबर दो अंतर्गत बड़ौता व पिचौलिया गांव क्षेत्र में बिजली लाइनों पर पेड़ गिर गए। कार्यकारी अभियंता धर्म सुहाग ने कर्मचारियों को तुरंत फाल्ट दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेड़ों को हटाकर लाइनें दुरुस्त कर बिजली शुरू कर दी है। डिवीजन नंबर एक के अंतर्गत सीएचडी सिटी, सौकड़ा पावर हाउस, निगदू व शामगढ़ पावर हाउस की बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हुई। कार्यकारी अभियंता मनिंद्र सिंह ने कहा कि राहत कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। सीएचडी सिटी व सौकड़ा पावर हाउस की मुख्य लाइनें ठीक की जा रही हैं। सीएचडी सिटी में रात 11 बजे तक बिजली चालू हो जाएगी। इंद्री हलके में मुख्य लाइनें ठीक हैं। खेतों की लाइनों से संबंधित फाल्ट रविवार दिन में सामने आएंगे। उन्हें भी शीघ्रता से दूर किया जाएगा।
विज्ञापन

-------
गर्मी से मिली राहत
निसिंग। क्षेत्र में शनिवार दिन भर भीषण गर्मी में लोग बेहाल रहे। लू के थपेड़ों ने घर से बाहर नहीं निकलने दिया। दोपहर के समय सड़कें सुनसान दिखाई दी। शाम चार बजे अचानक मौसम परिवर्तन हुआ और बूंदाबांदी शुरू हो गई। मात्र 15 मिनट की बारिश ने फिजा में ठंडक घोल दी। मौसम सुहाना हो गया। धूल-मिट्टी बैठ गई। आसमान में बादल छाए रहे और तेज हवा चलती रही। रुक-रुक कर हुई वर्षा के दौरान लोग भीगने के लिए निकल पड़े। हरे चारे व मूंग की फसल में सिंचाई हो गई है। खाली खेतों में भी सिंचाई होने से नमी बन गई। जिन लोगों ने जुताई नहीं की थी उनका काम आसान हो गया है।
--------------
फोटो-105
गर्मी से मिली राहत
घरौंडा। शनिवार शाम क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश हुई। लोगों को गर्मी से राहत मिली। कई दिन से तापमान बढ़ा हुआ था। गर्मी के कारण लोगों का जीना मुहाल था। शनिवार को तेज हवा चली। उसके बाद बारिश होने से लोगों के चेहरे पर रौनक लौट आई। लोगों का कहना है कि कई दिन से तापमान 40 डिग्री के आसपास था। अब राहत मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें