संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। गांव कौल खेड़ा में एक नवविवाहिता और उसकी ननद का शव एक ही पंखे पर लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को उतारकर नागरिक अस्पताल भिजवाया। खास बात यह है कि ननद की जिद पर भाभी एक दिन पहले ही मायके से ससुराल पहुंची थी और रविवार की शाम को पंखे पर ननद के साथ फंदे से लटकी मिली। पोस्टमार्टम के बाद ननद और भाभी के शवों का एक साथ गांव कौल खेड़ा में अंतिम संस्कार किया गया। मामले में विवाहिता के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, हालांकि घटना के कारण का खुलासा नहीं हो सका है।
नवविवाहिता के भाई राहुल निवासी बुढ़ाखेड़ा लाठर जिला जींद ने बताया कि उसकी 20 वर्षीय बहन प्रीति चार दिन पहले अपने मायके आई थी। इसके बाद प्रीति के पास उसकी 19 वर्षीय ननद जमना निवासी कौलखेड़ा ने फोन किया। उसने प्रीति को जल्दी ससुराल कौलखेड़ा आने की जिद की। अपनी ननद की जिद पर प्रीति रविवार सुबह ससुराल गांव कौलखेड़ा पहुंच गई। इसके बाद रविवार की रात को अचानक उसकी बहन प्रीति और ननद जमना दोनों के एक ही पंखे पर फंदा लगाने की सूचना मिली। प्रीति के भाई राहुल ने बताया कि उसकी बहन के साथ किसी प्रकार की अनहोनी हुई है। उसने बताया कि इस दौरान उसका जीजा सचिन अपने नौकरी के लिए मुंबई गया हुआ था। वहीं मायके पक्ष से पहुंचे नरेश, देवी राम, रविंदर, जैना, कर्मबीर आदि ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। कहा कि इस प्रकार से दो महिलाएं एक साथ आत्महत्या नहीं कर सकतीं। उन्हें शक है कि उनकी बेटी की एक साजिश के तहत हत्या की गई है। मायके पक्ष के लोगों ने मांग की कि पुलिस को मामले की गहनता से जांच करनी चाहिए।
-----------------------------------------------
चार मार्च को सचिन के साथ हुई थी प्रीति की शादी
नवविवाहिता प्रीति के मायके पक्ष से पहुंचे पूर्व सरपंच ईश्वर सिंह ने बताया कि चार मार्च को प्रीति की शादी गांव कौलखेड़ा के सचिन के साथ हुई थी। चार दिन पहले प्रीति हंसी खुशी अपने मायके गांव बुढ़ाखेड़ा लाठर गई थी, लेकिन शनिवार को उसकी ननद जमना ने फोन करके प्रीति को कागजात का काम होने की बात कहकर बुलाया था। वह शनिवार को अपनी ससुराल पहुंची थी, जबकि रविवार की शाम को प्रीति और उसकी ननद जमना पंखे पर फंदे से लटकी मिलीं। जिस दौरान यह वारदात हुई उस दौरान प्रीति का पति सचिन घर पर नहीं था। वहीं प्रीति का देवर भी किसी काम से गया था। जबकि उसकी सास खेत में गई हुई थी। अब मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि यह हत्या है या आत्महत्या। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
--------------------------------------------------
वर्जन
गांव कौलखेड़ा में विवाहिता और उसकी ननद के एक साथ फंदा लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस पहुंची तो दोनों के शव एक ही पंखे से लटके थे। पुलिस ने शवों के पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।
---बलजीत सिंह, असंध थाना प्रभारी।
----------------------------------------------