संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। गलत क्रेडिट कार्ड भेजकर उपभोक्ता के साथ 25 हजार रुपये की ठगी की ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अशोक नगर निवासी अरुण ने बताया कि दिसंबर 2020 में उसके पास एसबीआई की तरफ से एक क्रेडिट कार्ड का ऑफर आया था। उसने ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड अप्लाई कर दिया था लेकिन उसे एसबीआई का आईआरसीटीसी रेलवे क्रेडिट कार्ड मिला। उसके पास क्रेडिट कार्ड को लेकर कई बार कॉल आई तो उसने उस कर्मचारी से कहा कि उसे क्रेडिट कार्ड गलत मिला है।
उसने यह क्रेडिट कार्ड अप्लाई नहीं किया था। इसके बाद कर्मचारी बोला कि आपके पास एक कॉल आएगी। उस कर्मी से अपनी समस्या बताना। इसके बाद 18 जनवारी 2021 को एक नंबर से कॉल आई तो उसने क्रेडिट कार्ड की समस्या के बारे में पूछा। वह बोला कि इस कार्ड को ऑनलाइन बंद कर देता हूं और नया क्रेडिट कार्ड अप्लाई कर देता हूं। उसने ओटीपी भी पूछ लिया। इसके बाद उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। उसने तुरंत बैंक में कॉल कर क्रेडिट कार्ड को बंद कराया लेकिन इसके बाद उस पर जुर्माना लगाया गया। उसने कहा कि उसके साथ यह ठगी कर्मचारी की मिलीभगत से हुई है।