संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। गांव गढ़ी भरल में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच चले लाठी-गंडासियों के मामले में अब पुलिस ने दूसरे पक्ष की शिकायत पर 15 महिलाओं सहित 32 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर दो महिलाओं सहित नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस मामले का वीडियो वायरल भी हुआ था। मामला जिला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में पहुंच गया था।
गांव गढ़ी भरल में जमीन विवाद को लेकर नौ जुलाई को दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे व गंडािसयां चली थीं। उसके बाद झगड़े की वीडियो वायरल भी हुई थी। इस मामले में एक पक्ष के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 18 जुलाई को थाने पहुंचे थे। अब पुलिस ने दूसरे पक्ष के शिकायतकर्ता सुमेर की शिकायत पर महिपाल, सुभाष, प्रवीन, महीपाल, तेलु, रायपाल, मानसिंह, रवि, अमन, राजेन्द्र, सुरेन्द्र, कर्म सिंह, पूजा, अमन, रेनु बाला, मिमला, सुरेशो, महेन्द्रो, प्रेमो, प्रियंका, सुदेश, मीना, रिम्पी, प्रवीना, कविता, लक्ष्मी, सीता, विकास, विशाल, सुनयाना निवासी गाव गढ़ी भरल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह नौ जुलाई को अपने परिवार के साथ शाम लगभग छह बजे खेतों में काम कर रहा था। उनके साथ जैन सिंह, शीशपाल, मांगेराम, सुमेर, कंवरपाल, सोनू, संदीप व रोहित आदि खेतों में काम कर रहे थे। उसी दौरान दूसरे पक्ष की महिला-पुरुषों ने उन पर लाठी, डंडों और गंडासी से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना 112 नंबर पर दी। हमले में सुमेर, कंवरपाल, सोनू, संदीप व रोहित आदि घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं पहले पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने 10 जुलाई को गढ़ी भरल निवासी महिपाल की शिकायत पर जैन सिंह, शीशपाल, संदीप, कंवरपाल, रोहित, सिमरू, सोनू, उर्मिला, अंग्रेजो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह-छह लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि गांव गढ़ी भरल में दो पक्षों में हुए झगड़े में दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों पक्षों के छह-छह लोग गिरफ्तार किए हैं।