पुलिस की सीआईए-वन टीम शनिवार को आतंकी गुरप्रीत को दोबारा पंजाब लेकर गई है। बताया जा रहा है कि गुरप्रीत हर रोज नए-नए ठिकानों का खुलासा कर रहा है।
अभी तक कि पूछताछ में आतंकी गुरप्रीत ने कई जगहों का खुलासा किया है, जहां पर वह विस्फोटक सामग्री कुछ समय के लिए छिपाता था और फिर पाक में बैठे हरविंदर सिंह रिंदा से लोकेशन आने पर उसे निर्धारित जगह पर पहुंचाता था। ऐसे में आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को शक है कि कहीं विस्फोटक छिपाकर तो नहीं रखे गए। इसी आशंका के कारण शनिवार को दोबारा से आतंकी गुरप्रीत को लेकर पुलिस पंजाब गई है। सूत्रों के अनुसार इस दौरान गुरप्रीत को अमृतसर, तरनतारन सहित कई अन्य जगहों पर ले जाया जाएगा।
गुरप्रीत भी तैयार कर रहा था अपनी टीम
आतंकी हरविंदर की तरह गुरप्रीत भी अपने भाई के साथ मिलकर अलग से टीम तैयार कर रहा था। यही कारण था कि हर बार विस्फोटक की आपूर्ति करते समय वह दो नए व्यक्तियों को लेकर जाता था।
बैंक बैलेंस सहित अन्य प्रॉपर्टी की जांच जारी
पुलिस इन आतंकियों के बैंक बैलेंस के साथ अन्य प्रॉपर्टी की भी जांच कर रही है। इससे यह साफ हो जाएगा कि ये आतंकी कितने समय से यह काम कर रहे थे और अभी तक इन्होंने कितने रुपये एकत्रित किए हैं और उनसे क्या-क्या खरीदा है।
गुरप्रीत के संपर्क के लोगों की भी बनाई जा रही है लिस्ट
आतंकी गुरप्रीत के संपर्क में कौन-कौन व्यक्ति था। मोबाइल पर वह किस-किस से बात करता था। किन-किन लोगों से उसका ज्यादा मेलजोल था। इन सभी व्यक्तियों की भी पुलिस लिस्ट तैयार कर रही है ताकि सभी से पूछताछ की जा सके।
खंगाले जा रहे हैं पकड़े गए छह मोबाइल
आतंकियों के पकड़े जाने के बाद बरामद हुए छह मोबाइल फोन को पुलिस खंगाल रही है। इन मोबाइलों में पड़े सिम किसके नाम हैं और इन मोबाइलों के अंदर क्या-क्या डाटा है। इसकी पूरी जानकारी पुलिस जुटा रही है।