इंद्री। खंड शिक्षा अधिकारी राममूर्ति शर्मा ने शनिवार को कस्बा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर की गतिविधियां जांची। इसके अलावा प्राध्यापकों व अध्यापकों की दैनिक डायरी की जांच के बाद उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
वरिष्ठ प्राध्यापक राजेश सैनी ने विद्यालय पहुंचने पर खंड शिक्षा अधिकारी का स्वागत किया और विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर की जांच करें ताकि समय रहते विद्यार्थियों को सभी विषयों में पारंगत किया जा सके। स्वयंसेवकों को कहा कि वे विद्यालय के सौंदर्यीकरण के लिए काम करें और जितना संभव हो समाज सेवा में अपना योगदान दें। इस मौके पर कुलदीप सिंह व मौलिक मुख्य अध्यापक बलवंत सिंह मौजूद रहे।