संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 4.5 लाख रुपये हड़पने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से दस हजार रुपये बरामद किए हैं। तरावड़ी थाना के विवेचना अधिकारी सुखविंद्र ने बताया कि शिकायतकर्ता संदीप कुमार निवासी गांव रमाना रमानी व विनोद कुमार निवासी गांव उपलाना ने शिकायत दी थी कि आरोपी सुरेंद्र निवासी रेरकलां जिला पानीपत ने से 2018 में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 4.5 लाख रुपये ठग लिए थे।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार आरोपी ने गांव में ही मिट्टी के सैंपल लेने के लिए नौकरी लगाने की बात कही। करीब एक महीना बीतने के बाद आरोपी ने उनके खाते में अनजान खाता नंबर से एक महीने की सैलरी भी डलवा दी थी ताकि इस धोखाधड़ी का पता न चले। जब उन्होंने संबंधित विभाग में अपना रिकॉर्ड पता किया तो पता चला कि उनका कोई रिकॉर्ड ही नहीं है। 5 अक्तूबर 2020 को आरोपी के खिलाफ तरावड़ी थाना में मामला दर्ज किया गया था।
17 अक्तूबर को आरोपी सुरेंद्र को गांव मूनक से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने बताया कि शिकायतकर्ता संदीप व विनोद उसके रिश्तेदार हैं। दोनों बेरोजगार थे। वे बार-बार नौकरी लगवाने के लिए कहते थे। जिसकी वजह से उसने नौकरी लगवाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 4.5 लाख रुपये हड़प लिए।