संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) के शताब्दी समारोह का शुक्रवार को आगाज होने जा रहा है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बतौर मुख्य अतिथि संस्थान में स्मृति स्तंभ का अनावरण कर समारोह की शुरूआत करेंगे। संस्थान में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इस अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उच्च अधिकारी, विभिन्न अनुसंधानों के निदेशक व वैज्ञानिक उपस्थित होंगे।
कृषि विश्वविद्यालयों में एनडीआरआई को देश में पिछले पांच वर्ष लगातार प्रथम रैंक का खिताब मिला है। आईसीएआर की ओर से हर वर्ष जारी की जाने वाली रैंकिंग में संस्थान के नाम यह रिकॉर्ड दर्ज है। यह संस्थान 1923 से डेयरी अनुसंधान और शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहा है। संस्थान में तीन श्रेणी अकादमी, शोध व एक्सटेंशन की गतिविधियां होती हैं। अकादमी की श्रेणी में बीटेक, एमटेक व पीएचडी करवाई जाती है। शोध में 14 डिवीजन केंद्रों में कार्य किया जाता है। एक्सटेंशन की श्रेणी में किसानों और उद्योगों के लिए वर्ष भर गतिविधियां चलती हैं।
संस्थान के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह चौहान के मार्गदर्शन में वैज्ञानिकों की टीम शोध कार्यों को आगे बढ़ा रही है। कोरोना काल में भी संस्थान ने अनुसंधान कार्यों को प्रभावित नहीं होने दिया। कोरोना नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने में जागरूकता को लेकर अहम भूमिका निभाई।