इंद्री थाना क्षेत्र की एक महिला की पुणे में ले जाकर दहेज के लिए हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पति व तीन अन्य के खिलाफ महिला को साजिश के तहत पुणे ले जाकर हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच के लिए पुणे भेजी गई है।
इंद्री थाना क्षेत्र के गढ़ी गुजरान गांव निवासी ईश्वर चंद ने पुलिस ने दी शिकायत में कहा कि उसने अपनी बेटी की शादी 28 नवंबर 2015 गांव चांदसमंद निवासी अंकित शर्मा के साथ की थी। आरोप है कि उसकी बेटी को उसके ससुराल पक्ष के लोग शुरू से ही दहेज के तंग करने लगे थे। उसकी बेटी अक्सर मारपीट किए जाने की शिकायत उनसे करती थी। उसकी सास ससुर पति व जेठ ने दहेज की मांग को लेकर पहले भी गला दबाकर उसे मारने की कोशिश की थी। हर बार अधिक दहेज लाने की बात कहते थे, लेकिन मायके पक्ष के लोग यह सोचकर चुप रहते थे कि हो सकता है कि ससुराल वालों की समझ में बात आ जाए और बेटी का घर बसा रहे, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग सोची समझी साजिश के तहत उसकी बेटी को डरा धमकाकर पुणे ले गए जबकि उसे पुणे ले जाने का कोई विशेष कारण नही था। वहां उसके पति ने अपने परिजनो के साथ मिलकर उसकी बेटी की हत्या कर दी है। उसका शव भी पुणे से ले आए, ताकि हत्या का कोई सुराग न लग सके।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना चूंकि पुणे की है, तो रिपोर्ट की प्रति जांच के लिए घटना स्थल पुलिस स्टेशन पिपंरी चिचवड पुणे भेजी गई है।