माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर यानी पीजी में दाखिले को लेकर ऑनलाइन आवेदन का समय बढ़ गया है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय द्वारा वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने की जानकारी दी है। हालांकि इसमें यह साफ नहीं किया गया है कि आवेदन कब तक किए जाएंगे। ऐसे में जो विद्यार्थी दाखिला आवेदन नहीं कर पाए थे, उनको और अधिक समय मिल गया है।
वहीं पुराने शेड्यूल के अनुसार, पीजी की पहली मेरिट सूची 22 अक्तूबर को जारी होनी है। ऐसे में अब आवेदन फार्म भरने की तिथि आगे बढ़ने से सूची जारी होने की तिथि पर भी संशय बन गया है। कॉलेजों को मेरिट सूची की तिथि भी आगे बढ़ने का अनुमान है।
पीजी के अलावा स्नातक (यूजी) और आईटीआई में भी दाखिला प्रक्रिया पिछले एक महीन से चली हुई है। एमए हिंदी, एमए इंग्लिश, एमए भूगोल, एमकॉम, एमएससी समेत अन्य कोर्स में दाखिले के लिए पहले 17 अक्तूबर ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख थी और 18 तथा 19 अक्तूबर को ऑनलाइन आवेदन का लिंक भी बंद कर दिया गया था। लेकिन अब फिर से एडमिशन पोर्टल को खोला गया है और अंतिम तारीख बढ़ाने नोटिफिकेशन जारी हुआ है। जिले के 7 पीजी कॉलेजों में कुल 1645 सीटें हैं।
पीजी कोर्स की इतनी हैं सीटें
कॉलेज सीटें
पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय पीजी महाविद्यालय सेक्टर-14 340
राजकीय कन्या महाविद्यालय रेलवे रोड 175
डीएवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय 370
दयाल सिंह महाविद्यालय 250
गुरु नानक खालसा महाविद्यालय 240
केवीए डीएवी महाविद्यालय 150
शहीद ऊधम सिंह कॉलेज मटक माजरी 120
कुल 1645
पीजी में आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ने का नोटिफिकेशन जारी हुआ है। जो विद्यार्थी अभी तक ऑनलाइन आवेदन करने से वंचित थे वह अपने आवेदन कर सकते हैं। विभाग की ओर से ऐसे विद्यार्थियों को एक और मौका दिया गया है। -डॉ. राजेश रानी, प्रिंसिपल, राजकीय पीजी कॉलेज करनाल
आईटीआई : कल जारी होगी दूसरी मेरिट लिस्ट
करनाल। आईटीआई में दाखिले का पहला चरण पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में यानी दूसरी मेरिट लिस्ट के साथ विद्यार्थियों को दाखिले दिए जाएंगे। इसके लिए शेड्यूल के अनुसार, शुक्रवार को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होगी। जिन विद्यार्थियों का इस सूची में नाम आएगा, वे 24 तक भौतिक सत्यापन कराएंगे। इसके बाद 26 तक फीस जमा करा दाखिला लेते हुए अपनी सीट पक्की करेंगे। विभाग की ओर से 28 अक्तूबर को खाली सीट की अलॉटमेंट की जाएगी। इसके बाद तीसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी।