करनाल। हरियाणा में लिंगानुपात की स्थिति भले ही पहले से काफी सुधर गई हो, लेकिन करीब दो दशक पहले के खराब लिंगानुपात का असर आज भी समाज में देखने को मिल रहा है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अग्रवाल युवा संगठन की ओर से होने वाले वैवाहिक सम्मेलन में विवाह के लिए 599 लड़कों ने आवेदन किया है जबकि युवतियों की संख्या महज 80 है।
संगठन की ओर से करनाल में 27 मार्च को अग्रवाल धर्मशाला में सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से रिश्ता ढूंढने के लिए न केवल हरियाणा से बल्कि छह देशों से सैकड़ाें की संख्या में युवाओं ने पंजीकरण कराया है। इसमें अभिभावकों की ओर से विवाह में होने वाले फिजूल खर्च और दहेज लेने से इंकार करने की बात भी की जा रही है। ब्यूरो
संगठन के प्रधान रमेश जिंदल ने बताया कि अग्रवाल समाज ही नहीं सर्व समाज में उत्तर भारत में पहली बार युवक-युवती परिचय सम्मेलन की शुरुआत अग्रवाल युवा संगठन ने 2000 में करनाल से की थी। विवाह और जीवन साथी की तलाश के लिए परिचय सम्मेलन की पहल का शुरू में मजाक उड़ाया गया। बाद में इसके साथ लोग जुड़ते गए। अब तक संगठन के माध्यम से 6000 रिश्ते हुए हैं। दो पीढ़ियों ने इन सम्मेलनों में अपने लिए जीवन साथी की तलाश की। संगठन द्वारा 600 जोड़ों का विवाह भी करवाया गया।
इंटर कास्ट मैरिज का प्रचलन कम
प्रधान रमेश जिंदल का कहना है कि समाज में इंटर कास्ट मैरिज का प्रचलन कम है, इसलिए रिश्ते ढूंढने में काफी दिक्कत आती है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के लिए ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, दुबई, अमेरिका, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड से भी युवाओं ने पंजीकरण किया है। डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.एवाईएसएमएटीआरआईएमओएनवाई.कॉम पर पंजीकरण की प्रक्रिया अभी जारी है।
19 जिलों में लिंगानुपात 900 से ऊपर
2021 के लिंगानुपात के आंकड़ों के अनुसार 19 जिलों में लिंगानुपात 900 से ऊपर है। रोहतक में लिंगानुपात 945 है जो पूरे प्रदेश में अव्वल है। प्रदेश में 2021 में जहां 1000 लड़कों के मुकाबले 914 लड़कियां पैदा हुईं, वहीं 2020 में यह आंकड़ा 922 था। इसमें 8 अंक की गिरावट आई है। 31 दिसंबर 2021 तक के आंकड़ों के अनुसार कई जिलों ने अपना प्रदर्शन सुधारा है।
जिलों में लिंगानुपात की स्थिति
पंचकूला 930
सिरसा 929
नूंह 926
हिसार 925
जींद 923
कुरुक्षेत्र 921
चरखीदादरी 919
पानीपत 918
यमुनानगर 914
कैथल 913
करनाल 912
गुरुग्राम और अंबाला 908
पलवल 907
महेंद्रगढ़ और भिवानी 904
फरीदाबाद और रेवाड़ी 903