करनाल। गांव आबादी का सर्वेक्षण और गांव क्षेत्रों में तात्कालिक तकनीक से मानचित्रण के समावेश वाली सरकार की स्वामित्व योजना के तहत जिले के गांवों को लाल डोरा मुक्त करने के बाद अब संबंधित व्यक्ति की मकान या प्लॉट की प्रॉपर्टी आईडी बनाकर प्रॉपर्टी कार्ड वितरण किया जा रहा है। जिले के 380 गांवों में 173703 प्रॉपर्टी में से अब तक 42510 प्रॉपर्टी कार्ड लाभार्थियों को वितरित किए जा चुके हैं।
शुक्रवार को मुख्य सचिव हरियाणा संजीव कौशल ने प्रदेश भर के उपायुक्तों के साथ वीसी के जरिए समीक्षा की। वीसी के हवाले से उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि उन्होंने निर्देश दिए कि यह कार्य 29 अप्रैल तक पूर्ण करें ताकि अगली बैठक में सभी जिलों की रिपोर्ट को लेकर इसकी समीक्षा की जा सके।
उपायुक्त अनीश यादव ने मुख्य सचिव को बताया कि जिले में 380 गांव लाल डोरा मुक्त किए जा चुके हैं, मात्र दो गांवों में कार्य शेष है, शीघ्र ही उनको भी मुकम्मल कर लिया जाएगा। बैठक करनाल के एसडीएम सुमित सिहाग, जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल, डीआईओ महीपाल सीकरी, डीडीपीओ राजबीर खुंडिया तथा सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी भी उपस्थित रहे।