करनाल। बस स्टैंड के समीप बैंक में रुपये जमा कराने आए मजदूर से दो ठग 50 हजार रुपये ले गए और बदले में कागजों की गड्डी दे गए। मजदूर ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। मजदूर ने कड़ी मेहनत कर ये रुपये जमा किए थे। इस वारदात के बाद दंपती का रो-रो कर बुरा हाल है।
मजदूर राकेश पासवान ने बताया कि वह और उसकी पत्नी ने मजदूरी कर एक-एक रुपया जमा कर 50 हजार रुपये एकत्रित किए थे। उसकी पत्नी ने उससे कहा था कि वह रुपये बैंक में जमा करा दे। इस कारण वह 50 हजार रुपये लेकर बस स्टैंड के समीप यूको बैंक में आया था। उसे रुपये जमा कराने का फार्म भरना नहीं आता था तो उसने बैंक में खड़े दो लोगों से कहा कि उसका फार्म भर दो। उन्होंने पूछा कि कितने रुपये जमा कराने हैं तो उसने बताया कि 50 हजार रुपये जमा कराने हैं।
इसके बाद वे बोले कि 50 हजार रुपये जमा नहीं होते। उसने कहा कि 49 हजार रुपये फार्म में भर दो। इतनी बात कहने के बाद वे दोनों उसे बैंक के बाहर ले गए और बोले कि दिखा कितने नोट हैं। जब वह रुपये दिखाने लगा तो एक व्यक्ति बोला कि नीचे तेरी पर्ची गिर गई है। वह उस पर्ची को उठाने लगा इसी दौरान आरोपियों ने उसके नोटों की गड्डी ले ली और कागजों की गड्डी उसके हाथ में रूमाल में लेपट कर दे दी और बोले कि वे थोड़ी देर में आ रहे हैं। फिर फार्म भर देंगे, उन्हें भी रुपये जमा कराने हैं। इसके बाद आरोपी नहीं आए। जब उसने रूमाल खोलकर देखा तो उसमें कागज थे।