करनाल। कॉलेजों में स्नातक के बाद अब स्नातकोत्तर (पीजी) में दाखिले की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। एक बार प्रक्रिया बंद होने के बाद विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा विभाग ने दूसरी बार दाखिले का मौका दिया है। विद्यार्थी 30 नवंबर तक कॉलेजों में जाकर ओपन फिजिकल काउंसिलिंग में हिस्सा लेकर दाखिला ले सकते हैं। अभी कॉलेजों में 10 प्रतिशत सीटें खाली हैं।
बता दें कि पहली वरीयता सूची के दौरान केवल 50 प्रतिशत सीटें ही कॉलेजों में भर पाईं। अन्य 40 प्रतिशत सीटों पर दाखिला ओपन फिजिकल काउंसिलिंग के तहत दिया गया। शहर के सात कॉलेजों में पीजी की 1873 सीटें हैं। सबसे ज्यादा 2006 आवेदन पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय पीजी कॉलेज में आए। यहां सीटों की संख्या 370 है। दो चरणों में 345 सीटें भरी हैं, शेष 25 सीटें खाली है। इसी तरह अन्य कॉलेजों में भी रिक्त सीटों की स्थिति ऐसी ही है। राजकीय पीजी कॉलेज के दाखिला प्रक्रिया के प्रभारी डॉ. सुभाष जागलान ने बताया कि जो विद्यार्थी दाखिले से वंचित हैं, वे 30 नवंबर तक पीजी में दाखिला ले सकते हैं।