माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नशा मुक्ति अभियान के तहत सेक्टर-12 स्थित मैदान में आयोजित पहले विराट कुश्ती दंगल में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पहलवानों ने दमखम दिखाया। बाइक के लिए हुई कुश्ती में पंजाब के राजा पहलवान को करनाल के गोगी पहलवान ने निर्धारित समय से पहले ही पटखनी देकर कुश्ती अपने नाम की और बाइक जीत ली।
दूसरी कुश्ती जम्मू के जावेद पहलवान और करनाल के रमन पहलवान के बीच खेली गई जिसमें जावेद पहलवान के दाव-पैच देख दर्शकों ने खूब तालियां बजाई लेकिन दोनों पहलवान बराबरी पर रहे। यह प्रतियोगिता गांव अमीन के कुश्ती प्रेमी मोनू पहलवान और उजाला सिग्नस अस्पताल के सहयोग से आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि डॉ. आदित्य झा ने पहलवानों का हाथ मिलाकर विराट कुश्ती दंगल का उद्घाटन किया।
डॉ. आदित्य ने युवाओं को नशे और अपराध से दूर रहकर खेलों में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं की सेहत भी ठीक रहेगी। अमीन गांव के कुश्ती प्रेमी मोनू पहलवान ने बताया कि कुश्ती प्रतियोगिता में लगभग 150 पहलवानों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन दोपहर 02 बजे से शाम 06 बजे तक किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 80 मैच खेले गए। प्रतियोगिता में रेफरी कर्म सिंह, इसम सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मौके पर उजाला सिग्नस अस्पताल के मार्केटिंग हेड भूपेन्द्र बिष्ठ आदि मौजूद रहे।
ये रहा परिणाम
करनाल के गोगी पहलवान ने पंजाब के राजा पहलवान को हराया, जम्मू के मो. गनी ने महाराष्ट्र के नकाबपोश पहलवान को हराया, करनाल के गोगी ने दिल्ली के अंकुर पहलवान को हराया, अमित ने मोनू को हराया, शेखर अमीन ने पानीपत के संजय को हराया, गौरव अमीन ने पानीपत के राहुल को हराया।