संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सराफा व्यापारी के साथ 4.50 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में संत नगर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उसकी दुकान धर्मपाल वर्मा एंड संस के नाम से सराफा बाजार में गुरुद्वारे के सामने है। 10 अगस्त 2021 को उसके पास चेतन शर्मा और एक युवती प्रीति आए थे। उन्होंने सोने के गहनों का ऑडर्र दिया। जिसकी कीमत करीब 5 लाख 26 हजार रुपये बनी। वे उसे 76 हजार रुपये दे गए थे।
12 अगस्त 2021 को वे सामान लेने आए। तब उन्होंने एनईएफटी ऑनलाइन कर दी। पहले उन्होंने 100 रुपये ऑनलाइन भेजकर कंफर्म किया फिर 50-50 हजार रुपये की तीन बार एनईएफटी कर दी और व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा। इसके बाद डेढ़ लाख रुपये के दो चेक दिए लेकिन उसके खाते में रुपये नहीं आए। उसने चेतन शर्मा को फोन कर कहा कि रुपये नहीं आए तो चेतन ने कहा कि एक दो दिन में आ जाएंगे सर्वर में दिक्कत होगी। वह उनके घर गया तो उसकी मां ने कहा कि सैलरी आने पर रुपये दे देंगे लेकिन अब तक उन्होंने 4.50 लाख रुपये नहीं दिए।