संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सड़क हादसों में एक छात्र व बच्ची सहित चार लोगों की मौत हो गई। आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।
रविवार रात बीजना गांव के समीप वाहन की टक्कर से बाइक सवार स्टौंडी गांव निवासी छात्र शुभम (21) व उसकी बहन अंशिका (6) घायल हो गए। शुभम को गंभीर चोटें आने के कारण कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंशिका को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बेटे की मौत के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं।
शुभम ने इसी वर्ष 12वीं कक्षा की परीक्षा दी थी। वह जुंडला गेट करनाल के समीप स्थित राजकीय विद्यालय में पढ़ता था। रविवार अपनी बहन को लेने के लिए वह गांव गया था। शुभम के चाचा आनंद विहार कॉलोनी निवासी कुलदीप सिंह का कहना है कि वे मूल रूप से स्टौंडी गांव के रहने वाले हैं।
रविवार को वह और उसका भतीजा अलग-अलग बाइक पर सवार होकर स्टौडी गांव गए थे। वापसी में बीजना के समीप बाइक सवार ने उसके भतीजे को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार फरार हो गया। उसने राहगीरों की मदद सेे भतीजे व भतीजी को अस्पताल पहुंचाया। थाना सदर पुलिस ने मृतक के चाचा मौजी राम के बयान पर बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
केस 2
दूसरे हादसे में रविवार रात कैथल रोड पर पश्चिमी यमुना नहर पार बाइक सवार रतनगढ़ गांव निवासी सुनील (45) की मौत हो गई। वह करनाल से जिला जेल के समीप स्थित अपने गांव रतनगढ़ जा रहा था। सोमवार को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज स्थित मॉर्चरी हाउस में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
केस 3
राष्ट्रीय राजमार्ग पर नीलोखेड़ी क्षेत्र में रायपुर रोड़ान के समीप फ्लाईओवर पर दुर्घटना में अंबाला के बराड़ा थाना अंतर्गत तंदवाली गांव निवासी युवक सुखजीत सिंह की मौत हो गई। पता चलते ही मृतक के पिता बलजीत सिंह मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान की। पुलिस ने पिता के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बलजीत सिंह का कहना है कि वह साहा कस्बा स्थित राइस मिल में सिक्योरिटी का काम करता है। उसका छोटा बेटा सुखजीत सिंह (20) घर पर था। सात मई की रात करीब 10 बजे उसके दोनों बेटे घर पर थे। वह खुद पड़ोस में शादी समारोह में गया था। उसका बेटा सुखजीत सिंह कुछ देर उनके पास बैठा रहा और बाद में बिना बताए कहीं निकल गया। उन्होंने काफी इंतजार किया, लेकिन वापस नहीं आया। गांव में उसकी काफी तलाश की। आठ मई को पता चला कि उसके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। वह ग्रामीणों को साथ लेकर बुटाना थाने पहुंचा। पुलिस का कहना है कि हादसे की सूचना मिलते ही कर्मचारी मौके पर पहुंच गए थे। घायल को जब नीलोखेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
केस 4
कंबोपुरा के समीप कार की टक्कर से घायल चार वर्षीय बच्ची की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर उसके चालक की तलाश के प्रयास शुरू कर दिए हैं। खरकाली गांव निवासी अमनदीप ने बताया कि सात मई को वह, उसकी पत्नी सोनिया व बेटी माही बाइक पर सवार होकर करनाल स्थित उत्तम अस्पताल में दवाई लेने जा रहे थे। कंबोपुरा के समीप पहुंचे तो पीछे से आ रही कार नंबर पीबी10ईआर-0225 के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से वे तीनों जीटी रोड पर गिर गए। कार चालक फरार हो गया। मधुबन थाना पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया है। संवाद