करनाल। जिले में चोरों ने पांच अलग-अलग स्थानों से हजारों का सामान और गहने चोरी कर लिए। पुलिस ने पीड़ित व्यक्तियों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों ने घर, आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल को भी निशाना बनाया है।
पहले मामले में दी शिकायत में भोला कॉलोनी घरौंडा निवासी अजय ने बताया कि चोरों ने 9 सितंबर को उसके घर का ताला तोड़कर सोने की चेन, दो अंगूठी, मंगलसूत्र, 2 जोड़ी पायल, गैस सिलिंडर, सहित अन्य सामान चोरी कर लिया और फरार हो गए।
इस पर उसने शनिवार को पुलिस को इस मामले की जानकारी दी।
वहीं दूसरे मामले में गांव स्टौंडी स्थित आंगनबाड़ी वर्कर पूनम देवी ने शिकायत दर्ज कराई है कि चोर गांव के आंगनबाड़ी केंद्र से 15 अगस्त की रात को एक बैटरी, 20 किलोग्राम चना, 15 किलोग्राम चीनी, 13 पैकेट दूध, 10 किलोग्राम मूंगफली सहित अन्य खाद्य सामग्री चोरी कर ले गए। पुलिस ने शनिवार को पूनम देवी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। तीसरे मामले में गांव गगसीना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्ज विनोद ने बताया कि 10 सितंबर की रात को चोर एलईडी, सीपीयू, माउस, की- बोर्ड, स्पीकर, घड़ी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
चौथे मामले में गांव रायसन निवासी निर्मल सिंह ने बताया कि उसके पास बोर करने वाली मशीन है। वह निगदू में सतनाम सिंह के खाली प्लाट में बोर लगा रहा था। 9 सितंबर की शाम करीब 7 बजे वह काम बंद कर वापस आ गया। जब सुबह वहां पहुंचा तो मशीन से काफी सामान गायब मिला।
पांचवें मामले में गांव मुस्तफाबाद जिला यमुनानगर निवासी भीम सैनी ने बताया कि उसने अपनी एक कार मामा के लड़के विनय को दी हुई थी। पिछले कई महीने से विनय ही कार को चला रहा था। 8 सितंबर को उसने वह कार अनाज मंडी में घर के सामने खड़ी की थी। जब अगले दिन सुबह देखा तो घर के सामने से वह कार गायब मिली, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।