माई सिटी रिपोर्टर
असंध/करनाल। सोमवार रात चली तेज आंधी से जिले में कई स्थानों पर आग भड़क गई। इसमें जहां तूड़ी के कूप, उपलों के बिटौड़े जलकर राख हो गए वहीं एक महिला की आग से जलकर मौत हो गई। 32 वर्षीय पूजा गांव गोली के खेतों में लगी आग बुझाते समय गंभीर रूप से झुलस गई थी, जिसने मंगलवार को पीजीआई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सालवन पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पीजीआई रोहतक के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।
गांव गोली निवासी जयदेव, राममेहर मलिक ने बताया कि सोमवार देर रात आई तेज आंधी से गांव के खेतों में आग लग गई। ग्रामीण आग बुझाने के लिए खेतों की तरफ निकल गए थे। इसी दौरान पूजा (32) भी आग बुझाने खेतों की तरफ गई थी। इसी बीच महिला आग से घिर गई। उसके कपड़ों में आग लग गई। सड़क पर दोनों तरफ धुआं होने के कारण कुछ दिखाई नहीं दिया। महिला गंभीर रूप से झ़ुलस गई।
जानकारी होने पर परिजन पूजा को नागरिक अस्पताल असंध लेकर पहुंचे। जहां से करनाल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां से उसे मंगलवार को पीजीआई रोहतक ले जाया गया, लेकिन वहां उसनेे दम तोड़ दिया।
सालवन चौकी इंचार्ज दीपचंद ने बताया कि गांव गोली की महिला आग में झुलस गई थी। उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया था। जहां मंगलवार को महिला की मौत हो गई। पूजा के पति की चार साल पहले मौत हो चुकी है। अब परिवार में केवल दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी खुशी करीब 10 साल की है। छोटी बेटी तनू करीब सात साल की है। इधर, इसके अलावा खेतों में आग से तूड़ी व उपले भी बड़ी संख्या में जले। जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान पहुंचा है।