इंद्री (करनाल)। गुढ़ा गांव में राशन डिपो पर अन्नपूर्णा उत्सव की शुरुआत करने पहुंचे भाजपा विधायक रामकुमार कश्यप का किसानों ने भारी विरोध किया। जिससे पुलिस बुलानी पड़ी। विधायक को बिना जलपान किए लौटना पड़ा। वहीं हंगामा बढ़ते देख पुलिस ने सात किसानों को हिरासत में ले लिया। यह जानकारी मिलते ही सैकड़ों किसान इंद्री थाना पहुंच गए और वहां हंगामा किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए किसानों को छोड़ दिया। गांव गुढा के वार्ड 12-13 के डिपो पर अन्नपूर्णा उत्सव आयोजित किया गया था। इसमें विधायक रामकुमार कश्यप मुख्यातिथि पहुंचे थे।
एसएचओ पर मारपीट के आरोप
थाने के बाहर पहुंचे प्रदर्शनकारी किसानों ने मांग रखी कि हिरासत में लिए गए किसानों को छोड़ने के साथ-साथ पुलिस माफी मांगे, क्योंकि एसएचओ सचिन ने हिरासत में लेने के दौरान किसानों से मारपीट की। इसलिए जब तक पुलिस माफी नहीं मांगती वे प्रदर्शन जारी रखेंगे। किसानों ने भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र गोरसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया कि गोरसी ने किसानों के साथ दुर्व्यवहार किया है। पुलिस व किसानों के बीच काफी देर तक चली बैठक बेनतीजा रही तो किसानों ने प्रदर्शन तेज कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने किसानों की तीनों मांगें मानकर हिरासत में लिए गए किसानों को छोड़ दिया।
अन्नपूर्णा उत्सव की आड़ में उकसाने की कोशिश
किसान नेता रामपाल चहल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि अन्नपूर्णा उत्सव की आड़ में भाजपा सरकार किसानों को उकसाना चाहती है। जबकि राशनकार्ड धारकों को पहले से ही निशुल्क गेहूं काफी समय से मिल रहा है।
कानून व्यवस्था बनाए रखने को लिया था हिरासत में
-अन्नपूर्णा उत्सव के दौरान कुछ किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। कानून व्यवस्था खराब न हो, इसलिए उन्हें हिरासत में लिया गया। जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया है।
- मुकेश कुमार, डीएसपी इंद्री