करनाल/निसिंग। एक महिला फेसबुक फ्रेंड ने एचडीएफसी बैंक कर्मचारी को होटल में बुलाकर अपने साथियों की मदद से उसकी गर्दन पर सुआ रखकर उससे 1.10 लाख रुपये लूट लिए। महिला ने 70 हजार रुपये को ऑनलाइन खाते में ट्रांसफर कराए और बैंक कर्मी के पास बैग में मौजूद 40 हजार रुपये छीन लिए। बैंककर्मी के साथ मारपीट कर उसे दुष्कर्म के आरोप में फंसाने की धमकी भी दी गई। निसिंग पुलिस ने इस संदर्भ में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के रामनगर क्षेत्र निवासी एक एचडीएफसी बैंक कर्मी ने निसिंग थाना पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि फेसबुक पर उसके पास नीतू सैनी नाम की एक लड़की की रिक्वेस्ट आई थी। जिसे उसने स्वीकार कर लिया। लड़की ने मैसेज किया कि वह पांच जुलाई को निसिंग स्थित होटल में उससे मिलना चाहती है। जब वह निसिंग पहुंचा तो लड़की मिल गई और वह उसे एक होटल के पास ले गई।
उसने कहा कि अंदर चलो, यहां कमरा पहले से बुक करा रखा है। लेकिन वह अंदर जाने से हिचकिचाया तो होटल का मालिक भी बाहर आ गया और उसे अंदर चलने को कहने लगा। शक होने पर उसने अंदर जाने से मना किया तो वहां गाड़ी से तीन लड़के एक अन्य महिला के साथ आ गए। उन्होंने उसकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और चाबी छीन ली। सभी ने मिलकर उसकी पिटाई की और पुलिस चौकी ले जाने के बहाने नहर किनारे खेतों में ले गए।
यहां उन्होंने मुझसे तीन लाख की मांगे। मना किया तो गर्दन पर सुआ रखकर 70 हजार रुपये ऑनलाइन अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। उसके कपड़े फाड़ दिए। उसके बैग से 40 हजार रुपये नगद भी छीन लिए। दोनों औरतों व तीनों लड़कों ने मिलकर कुल 1.10 लाख रुपये छीन लिए। किसी को बताने पर दुष्कर्म में फंसाने की जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। बैंक कर्मी किसी तरह घर आया। निसिंग थाना पुलिस ने बताया कि बैंक कर्मी की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।