संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह कार पीछे से ट्रक में टकरा गई। जिससे करनाल निवासी सेंट्रल एक्साइज के इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया, जबकि इंस्पेक्टर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
हरियाणा के करनाल जिले के ग्राम जैनपुर सादान निवासी रवींद्र (25) सेंट्रल एक्साइज में इंस्पेक्टर थे। वह दिल्ली में तैनात थे। वह रविवार की छुट्टी होने के कारण घर आए हुए थे। वह कार से सोमवार सुबह को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से होते हुए दिल्ली ड्यूटी पर जा रहे थे। उस कार में हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी तीन अन्य युवक अभिषेक, जतिन, योगेश भी मौजूद थे। वे मवीकलां टोल प्लाजा से आगे पहुंचे तो एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में पीछे से कार की टक्कर हो गई। जिससे रवींद्र की मौके पर मौत हो गई और अभिषेक, जतिन व योगेश घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। रवींद्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को जानकारी दी गई। कोतवाली पुलिस ने बताया कि इस मामले में ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।