संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। उत्तर हरियाणा विद्युत निगम की ओर से दो दिन जिले में की गई छापामारी के परिणाम से सामने आया है कि गांवों की तुलना में शहर में बिजली चोरी के मामले अधिक आए हैं। सोमवार व मंगलवार को यह अभियान चलाया गया था जिसमें जिले में बिजली चोरी के 236 मामले पकड़े गए। जबकि सिटी डिवीजन के अंतर्गत 127 चोरियां पकड़ी गई हैं। हालांकि सिटी डिवीजन के अंतर्गत करनाल शहर के अलावा 77 गांव भी शामिल हैं। शहर में बिजली चोरी के 127 और गांवों व कस्बों में कुल 109 मामले सामने आए।
18644 उपभोक्ताओं पर 26 करोड़ बिल बकाया
सिटी डिवीजन के अंतर्गत बिजली बिल नहीं भरने वाले उपभोक्ताओं की भी लंबी फेहरिस्त है। 18644 उपभोक्ता इस समय बिजली बिल के देनदार हैं। इन पर 26 करोड़ 51 लाख 91 हजार रुपये का बिल बकाया है। ये वे उपभोक्ता हैं जिनके बिजली कनेक्शन फिलहाल चालू हैं।
ऐसे उपभोक्ताओं पर विद्युत निगम कार्यालय से ही स्मार्ट रिमोर्ट से बिजली सप्लाई बंद कर रहा है। स्मार्ट मीटर लगे उपभोक्ताओं पर यह कार्रवाई संभव है। इसके अलावा डिवीजन अंतर्गत गांवों में कर्मचारियों ने बिजली कनेक्शन काटने शुरू कर दिए हैं। निगम की यह कार्रवाई जारी रहेगी।
8375 के कनेक्शन कटे
जिन उपभोक्ताओं के बिल न भरने पर कनेक्शन कट चुके हैं उनकी संख्या 8375 है। इन उपभोक्ताओं पर विद्युत निगम का बिजली बिल 8 करोड़ 49 लाख 39 हजार रुपये है। इनमें घरेलू, शहरी, ग्रामीण, औद्योगिक व व्यवसायिक उपभोक्ता शामिल हैं।
जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन कटे हैं उनके लिए विभाग ने सरचार्ज माफी की योजना चलाई है। यह योजना 30 नवंबर तक लागू है। यदि ये उपभोक्ता एकमुश्त बिल की अदायगी नहीं कर सकते तो उन्हें किस्तों में अदायगी करने की भी सहूलियत दी है। सरचार्ज माफ करवाकर ये उपभोक्ता योजना का फायदा उठा सकते हैं। बिजली चोरी पकड़ने के लिए विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी।
- सोमबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता, उत्तर हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम