हरियाणा के करनाल जिले के कुंजपुरा क्षेत्र में शादी से पहले ही दहेज की मांग के कारण विवाह टूटने का मामला सामने आया है। मामला कलवेहड़ी गांव का है। आरोप है कि शादी से करीब 15 दिन पहले ही लड़के पक्ष ने लड़की पक्ष से दहेज में बुलेट बाइक और क्रेटा कार की मांग की। साथ ही मांग पूरी न करने पर विवाह तोड़ने की बात कही। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक, उसकी मां और तीन भाइयों समेत सात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस में शिकायत देने से पहले मामले को लेकर सात गांवों की पंचायतें भी लड़की पक्ष के समर्थन में उतर गईं। उन्होंने भी सोनीपत के गांव महलाणा निवासी लड़के शैलेंद्र को फोन पर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। सात गांवों के लोगों ने पंचायत करते हुए रिश्ते को जोड़ने का पूरा प्रयास किया। जब वे नहीं माने तो परिजनों ने एसपी गंगाराम पूनिया को मामले की शिकायत दी। केस दर्ज करने के बाद एएसपी हिमाद्री कौशिक मामले की जांच कर रही हैं। लड़की पक्ष की ओर से शादी के कार्ड भी बांटे जा चुके थे और दहेज में देने के लिए काफी सामान भी खरीदा जा चुका था।
लड़की ने कहा कि जो परिवार शादी से पहले ही जबरन दहेज की मांग रहा है, वहां किसी कीमत पर शादी नहीं करनी है। उसने प्रशासन से मांग उठाई कि दहेज मांगने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
लड़की के पिता वरियाम सिंह की शिकायत पर गांव महलाणा जिला सोनीपत निवासी शैलेंद्र और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कर पीड़ित पक्ष को पूरा न्याय दिलाया जाएगा। - हिमाद्री कौशिक, एएसपी इंद्री