रेलवे रोड ग्राउंड में क्रिकेट खेलने के दौरान मारपीट कर एक युवक को अगवा कर लिया गया। बाद में पीछा कर रहे युवकों ने कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के समीप कार को घेरकर तोड़फोड़ की और युवक को बचा लिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी राजकुमार रंगा ने बताया कि रविवार को क्रिकेट मैच चल रहा था। सेक्टर-छह निवासी तीन युवक वहां पर पहुंचे और हांसी चौक के गली नंबर आठ निवासी अश्वनी से मारपीट करने लगे। अश्वनी इस दौरान अंपायर की भूमिका निभा रहा था। अश्वनी से मारपीट करने पर क्रिकेट खेल रहे राजन व रावत ने बीच बचाव की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
आरोपी अश्वनी को कार में बैठाकर निकलने लगे तो राजन व रावत ने बचाव-बचाव की आवाज लगाकर बाइक इनके पीछे लगा ली। अस्पताल के समीप कार को घेर लिया और उसके शीशे तोड़ दिए। सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजकुमार रंगा का कहना है कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। शिकायत में अपहरण का आरोप लगाया गया है।