इसी स्थान पर मिला था युवक का शव।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
करनाल के कर्ण ताल पार्क में एक युवक के सिर पर गंडासी मारकर हत्या कर दी गई। अभी तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हत्यारे ने उसकी एक अंगुली भी काट दी। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शव को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।
मंगलवार सुबह लोग कर्ण ताल पार्क में सैर करने पहुंचे, जहां एक पेड़ के नीचे लहूलुहान हालत में एक युवक पड़ा देखा। कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आकर देखा तो पता चला कि युवक की मौत हो चुकी थी। उसके सिर से खून बह रहा था और एक अंगुली भी कटी थी। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए। उसके कपड़ों की तलाशी ली गई, लेकिन शिनाख्त के लिए कोई दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक उसके शरीर पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है, जो गंडासी हो सकती है। एसएचओ ने बताया कि युवक की शिनाख्त के प्रयास किए रहे हैं। हत्या सोमवार की रात किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।