नर्सी विलेज के एक युवक की पुरानी रंजिश के चलते तेजधार हथियार से हमला करके हत्या कर दी गई। युवक पर माडल टाउन स्थित जिम से निकलते हुए देर रात हमला किया गया, गंभीर हालात में उसे पीजीआई चंडीगढ़ दाखिल कराया गया, जहां उसने तम तोड़ दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मृतक संजय रोड़ की पत्नी सुविता की शिकायत पर आरोपी विक्की वासी लाल कुंआ, राजेश वासी कोट मोहल्ला, बलिंद्र वासी माजरा, रोशन रोड़ वासी सेक्टर-4, हैप्पी सरदार वासी घरौंडा, बलिंद्र वासी कौल, राजबीर वासी करनाल, मन्नु उर्फ होका, अशोका व 12 अन्य युवकों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए दबिशें दे रही है।
नर्सी विलेज वासी संजय रोड़ सोमवार देर शाम माडल टाउन स्थित एक जिम से एक्सरसाइज करके बाहर निकला तो संजय पर हथियारबंद युवकों ने हमला बोल दिया। युवक पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया। खून में लथपथ संजय को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे निजी अस्पताल में ले गए। निजी अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां मंगलवार अलसुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत से क्षेत्र में तनाव बढ़ गया और पुलिस ने मृतक के परिजनों की सुरक्षा बढ़ा दी। पुलिस का कहना है कि रंजिश के चलते संजय पर हमला किया गया। पुलिस का कहना है कि संजय और आरोपियों में एक बार झगड़ा हो गया था और जिसमें संजय ने इनमें से एक आरोपी के सिर पर ईंट मार दी थी। इसका बदला लेने के लिए आरोपियों ने युवक संजय की हत्या कर दी।
गिरफ्तारी के लिए दे रहे दबिश : एसएचओ
इस मामले में सिविल लाइन थाना के प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि मृतक संजय रोड़ की पत्नी सविता की शिकायत पर नामजद सहित 12 अन्य के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।