अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सेक्टर-8 निवासी लक्ष्मी राइस मिल्स निसिंग के मालिक ने परिवार को खत्म करने की धमकी से डरकर रेलवे रोड स्थित होटल प्रेम प्लाजा में जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। राइस मिलर पर डेढ़ करोड़ रुपये का कर्ज था। आरोप है कि इस रकम को लेने के लिए नजबगढ़ कमीशन एजेंट राजबीर शर्मा राइस मिलर को धमकी दे रहा था। होटल में आत्महत्या की सूचना मिलते ही आस-पास के क्षेत्र में हड़कंप मंच गया।
सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने साक्ष्य जुटाए तो मृतक के पास से एक सुइसाइड नोट भी बरामद हुआ। पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया है और शिकायत के आधार पर नजबगढ़ कमीशन एजेंट राजबीर शर्मा एक अन्य हरिमोहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो बार घर धमकी देकर गया आरोपी : दीपक
राइस मिलर के बेटे दीपक सिंगला ने बताया कि नजबगढ़ दिल्ली में भगवान दास रमेश चंद्र जैन कमीशन एजेंट के नाम से फर्म है, जिसको राजबीर शर्मा चलाता है। पिछले कई सालों से वे राजबीर शर्मा से जीरी ले रहे थे। अक्तूबर, 2017 से मार्च 2018 तक उन्होंने राजबीर शर्मा की पेमेंट की हुई है। करीब डेढ़ करोड़ रुपये बकाया थे, जिन्हें लेने के लिए राजबीर शर्मा उसके पिता रोशन लाल को धमकी देता था कि वह सारी पेमेंट कर दे नहीं तो उसके परिवार को खत्म कर देगा। इस धमकी से डर कर उसका पिता सोमवार रात को प्रेम प्लाजा होटल में कमरा नंबर 333 में ठहर गया।
आरोप है कि रात को राजबीर शर्मा कुछ लोगों को लेकर उनके घर आया और धमकी देकर गया। इसके बाद वह मंगलवार सुबह भी धमकी देने के लिए आया। इसके बाद उसने अपने पिता रोशन लाल के पास फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। उसका बेटा दीपक अपने पिता को लेने के लिए होटल में गया तो वहां उसका पिता मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। वहीं, दीपक सिंगला ने बताया कि हरिमोहन ने उसके पिता सहित करीब चार राइस मिलरों के खिलाफ जींद में पुलिस को शिकायत दी हुई है। हरिमोहन का उन्होंने एक भी रुपया नहीं देना है। वह भी उसके पिता को परेशान कर रहा था।
पूरी रात डरा रहा राइस मिलर
शिकायत में परिजनों ने आरोप लगाया कि राजबीर शर्मा द्वारा दी गई धमकी के कारण ही राइस मिलर रोशन लाल ने रेलवे रोड स्थित होटल प्रेम प्लाजा में कमरा लिया था। वह डरा हुआ था, क्योंकि राइस मिल्स से उसके भाई भी उसके साथ आए थे। रोशन लाल ने कहा कि वह होटल में ही खाना खाएगा। जब उसके परिजनों ने घर आने के लिए रोशन लाल पर फोन किया तो उसने डरते हुए कहा कि राजबीर शर्मा हम सबको मारने की धमकी दे रहा है और वह घर आएगा। इसी कारण रोशन लाल समेत पूरा परिवार रातभर डरा और सहमा हुआ रहा।
राइस मिलर रोशन लाल द्वारा सुइसाइड के मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सुइसाइड नोट भी बरामद कर लिया है। इस मामले की गहनता से जांच करने के लिए एसएचओ को निर्देश दिए गए हैं।-सुरेंद्र सिंह भौरिया, एसपी करनाल।