अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सीएम सिटी में बदमाश बिना किसी भय के वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इसका अंदाजा सोमवार रात को हुई एक वारदात से लगाया जा सकता है। मुगल कैनाल स्थित सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे ऑफिस से निकल रहे आर्किटेक्ट का चार बदमाशों ने बंदूक के बल पर उसकी ही फॉर्च्यूनर गाड़ी में अपहरण कर लिया। इतना ही नहीं उसके चेहरे पर बंदूक का बट मारकर उसे बेहोश कर दिया। आरोप है कि बमदाशों ने गाड़ी में रखे करीब तीन लाख रुपये व नवीन गोयल द्वारा पहने गए जेवर भी लूट लिए। इसके बाद उसे बहालगढ़ के समीप झाड़ियों में फेंक कर गाड़ी लेकर फरार हो गए। जैसे-तैसे आर्किटेक्ट ने किसी का मोबाइल लेकर अपने परिजनों को सूचना दी तो रात को करीब 12 बजे उसके परिजन उसे घर वापस लेकर आ गए। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 100 पर दी। परिजनों को आरोप है कि कोई भी पुलिस कर्मचारी उनकी सुध लेने नहीं आया। इसके बाद उन्होंने एसपी को जाकर सारी घटना बताई तो दस घंटे बाद पुलिस हरकत में आई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
गाड़ी में रखे थे तीन लाख रुपए
आर्किटेक्ट नवीन गोयल ने बताया कि उसकी गाड़ी में तीन लाख रुपये रखे हुए थे। बदमाशों ने उसके चेहरे पर बंदूक का बट मारकर उसे बेहोश कर दिया था। इसके बाद बदमाशों ने उसकी शर्ट भी बदली है और उसके हाथ से सोने का कड़ा, सोने की चेन व दो अंगूठी निकाल ली। इसके बाद बदमाश उसकी गाड़ी और सोने के कड़े, चेन और रिंग को लेकर फरार हो गए।
आर्किटेक्ट के अपहरण के मामले को लेकर उसके परिजन उससे मिले थे। इस मामले की जांच के लिए सीआईए टीम और थाना पुलिस की अलग से टीम बनाकर जांच के लिए निर्देश दे दिया है। परिजनों ने रात के समय पुलिस को फोन किया और पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसी बात सामने नहीं आई है। केस दर्ज कर मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। -सुरेंद्र सिंह भौरिया, एसपी करनाल।